ब्रिजटाउन: पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे चक्र की शुरुआत जीत के साथ की है। वेस्टइंडीज के खिलाफ बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 159 रन के अंतर से मात दी। जीत के लिए चौथी पारी में 301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम जोश हेजलवुड के पंजे में फंसकर 141 रन पर ढेर हो गई। दसवें पायदान पर बल्लेबाजी करने आए शमर जोसेफ ने विंडीज के लिए 22 गेंद में 44 रन की आतिशी पारी खेली। उनके अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने 38 रन बनाए। हेजलवुड ने 43 रन देकर पांच विकेट चटकाए।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 310 रन
मैच के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 92 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ट्रेविस हेड की 61, ब्यू वेबस्टर की 63 और विकेटकीपर एलेक्स कैरी की 65 रन की पारियों की बदौलत 310 रन बनाने में सफल हुई। पहली पारी में 10 रन की बढ़त हासिल करने के बाद वेस्टइंडीज को चौथी पारी में 301 रन का विजयी लक्ष्य मिला। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने 87 रन देकर 5 विकेट लिए। दो विकेट अल्जारी जोसेफ ने और एक-एक विकेट जेडन सील्स, जस्टिन ग्रीव्स और रोस्टन चेज के खाते में गए।
ताश के पत्तों की तरह ढही कैरेबियाई टीम की पारी
चायकाल के बाद 301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम 33.4 ओवर में पत्ते की तरह ढेर हो गई। विंडीज ने 86 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। अंत में शमार जोसेफ और जस्टिन ग्रीव्स ने नौवें विकेट के लिए 55 (42) रन की साझेदारी करके टीम को 141 रन तक पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर लगातार दो विकेट विंडीज ने गंवाए और उसकी पारी का अंत हो गया। ट्रेविस हेड को गेंदबाजों के दबदबे वाले मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पहली पारी में उन्होंने 59 और दूसरी में 61 रन का योगदान टीम के लिए दिया।
