क्रिकेट

IND vs AUS 5th Test: ऑस्ट्रेलिया ने किया सिडनी टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 का ऐलान, हुआ एक बड़ा बदलाव

ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैच की टेस्ट सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने स्टार ऑलराउंडर को एकादश से बाहर का रास्ता दिखाते हुए युवा खिलाड़ी को डेब्यू का मौका दिया है।

Image

बेउ वेबस्टर

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज के सिडनी में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान गुरुवार को कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा बदलाव करते हुए फॉर्म से जूझ रहे ऑलराउंडर मिचेल मार्श को प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया है। टीम में उनकी जगह बेउ वेबस्टर को दी गई है जो ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट डेब्यू करेंगे। इस बात की घोषणा कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने सिडनी टेस्ट की पूर्व संध्या पर की।

तस्मानिया के लिए खेलते हैं वेबस्टर

बेउ वेबस्टर एक फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं जो घरेलू क्रिकेट में तस्मानिया का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं बिग बैश लीग में वो मेलबर्न स्टार्स का हिस्सा हैं। वेबस्टर ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 469वें खिलाड़ी बनेंगे। कमिंस ने सिडनी टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, मिचेल मार्श दुर्भाग्यवश सिडनी टेस्ट का हिस्सा नहीं होंगे। 31 वर्षीय वेबस्टर को उनके बैकअप के रूप में दूसरे टेस्ट में टीम के साथ जोड़ा गया था। वो छठे नंबर पर टीम की बल्लेबाजी को मजबूत करेंगे।

फीका रहा मार्श का प्रदर्शन, वेबस्टर ने घरेलू क्रिकेट में मचाया धमाल

मिचेल मार्श का भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन फीका रहा है। वो अबतक 73 रन 10.42 के औसत से बना सके हैं। वेबस्टर ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। मार्च 2022 के बाद से उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 57.10 का औसत रहा है। इसी दौरान उन्होंने 31.70 के औसत से 81 विकेट भी अपने नाम किए हैं।

सिडनी टेस्ट के लिए ऐसी है ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11(Australia Playing XI for Sydney Test):

सैम कोंस्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, बेउ वेबस्टर, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लॉयन, स्कॉट बोलैंड।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article