क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया ए ने दूसरे महिला टी20 में भारत ए को 114 रन से हराया, किया सीरीज पर 2-0 से कब्जा

ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैच की टी20 सीरीज में इंडिया ए को 114 रन के बड़े अंतर से मात देकर सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।

Image

इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

मैकॉय (ऑस्ट्रेलिया): तेज गेंदबाज किम गार्थ की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से ऑस्ट्रेलिया ए ने भारत ए को दूसरे अनधिकृत टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 114 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत ए ने टॉस जीता और क्षेत्ररक्षण का फैसला किया, लेकिन यह सही साबित नहीं हुआ और ऑस्ट्रेलिया ए की टीम चार विकेट पर 187 रन बनाने में सफल रही। उसकी पारी का आकर्षण कप्तान एलिसा हीली की 44 गेंद पर खेली गई 70 रन की पारी थी।

इसके जवाब में बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम किसी भी समय लक्ष्य तक पहुंचाने की स्थिति में नहीं दिखी और 15.1 ओवर में 73 रन पर आउट हो गई। हीली की ताहलिया विल्सन (35 गेंदों पर 43 रन) के साथ 95 रन की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मजबूत नींव रखी। इन दोनों के अलावा अनिका लियरॉयड (35) और कोर्टनी वेब (नाबाद 26) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और उनकी सलामी जोड़ीदार उमा छेत्री के विकेट तब गंवा दिए जब टीम का स्कोर केवल तीन रन था। भारत इससे उबर नहीं पाया और उसे बड़ी हार का सामना करना पडा। भारत की केवल दो खिलाड़ी दोहरे अंक तक पहुंच सकीं, जिनमें वृंदा दिनेश और मिन्नू ने क्रमशः 21 और 20 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ए की 29 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ गार्थ ने तीन ओवर में सात रन देकर चार विकेट लिए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article