क्रिकेट

AUS vs SL: स्टीव स्मिथ ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 13 साल बाद घर पर हराया

AUS vs SL 2nd Test Highlights: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को गाले में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में करारी हार थमा दी है। इसी के साथ कंगारुओं ने 13 साल बाद श्रीलंका को उसके घर पर रौंद दिया है।

Image

स्टीव स्मिथ (फोटो- AP)

AUS vs SL 2nd Test Highlights: ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां दूसरा टेस्ट नौ विकेट से जीतकर दो मैच की श्रृंखला में श्रीलंका का 2-0 से सूपड़ा साफ किया।श्रीलंका के 75 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्नस लाबुशेन (नाबाद 26) ने चौथे दिन लंच से 15 मिनट पहले संन्यास ले रहे दिमुथ करुणारत्ने की गेंद को मिड विकेट पर एक रन के लिए खेलकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 75 रन पर पहुंचाकर टीम को जीत दिलाई।

सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 27 रन बनाकर नाबाद रहे।ऑस्ट्रेलिया ने 2011 से श्रीलंका में पहली बार टेस्ट श्रृंखला जीती है। टीम ने तब रिकी पोंटिंग की अगुआई में श्रीलंका को 1-0 से हराया था।ऑस्ट्रेलिया को 2016 में स्टीव स्मिथ की कप्तानी में श्रीलंका में 3-0 से क्लीनस्वीप का सामना करना पड़ा जबकि 2022 में श्रृंखला 1-1 से ड्रॉ रही।

पैट कमिंस की जगह कप्तानी कर रहे स्मिथ ने इस तरह श्रृंखला जीतकर राहत की सांस ली होगी।श्रीलंका ने दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 211 रन और सिर्फ 54 रन की बढ़त के साथ की।उप कप्तान कुसाल मेंडिस ने नाथन लियोन की गेंद को डीप कवर में खेलकर मैच का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसी ओवर में शॉर्ट स्क्वायर लेग पर स्मिथ को कैच दे बैठे।

स्मिथ का 200वां कैच

कुसल मेंडिस का विकेट स्मिथ का टेस्ट क्रिकेट में 200वां कैच था। उनसे पहले सिर्फ चार खिलाड़ियों जाक कैलिस, महेला जयवर्धने, राहुल द्रविड़ और जो रूट ने यह उपलब्धि हासिल की है।ब्यू वेबस्टर ने लाहिरू कुमारा (09) को बोल्ड करके श्रीलंका की पारी का अंत किया।ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू कुहनेमैन ने 63 जबकि लियोन ने 84 रन देकर चार-चार विकेट चटकाए।

श्रीलंका के 75 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रेविस हेड (20) और ख्वाजा ने सात ओवर में 38 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। प्रबाथ जयसूर्या ने हेड को पवेलियन भेजा लेकिन ख्वाजा ने लाबुशेन के साथ 37 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी।ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार चौथी टेस्ट जीत और श्रीलंका की लगातार चौथी हार है।ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जून में होगा।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article