क्रिकेट

AUS vs ENG 3rd Test: नाथन लियोन ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने, इंग्लैंड का संघर्ष जारी

AUS vs ENG 3rd Test Day 2 Highlights: नाथन लियोन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एशेज क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी सूची में ग्लेन मैकग्रा को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। लियोन की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और उसने दूसरे दिन चाय के विश्राम तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 132 रन बनाए थे।

Image

ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड तीसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन का हाल

Photo : AP

AUS vs ENG 3rd Test Day 2 Highlights: नाथन लियोन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एशेज क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी सूची में ग्लेन मैकग्रा को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। लियोन की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और उसने दूसरे दिन चाय के विश्राम तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 132 रन बनाए थे।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने सुबह अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 326 रन से आगे बढ़ाई और उसकी पूरी टीम 371 रन पर आउट हो गई। जोफ्रा आर्चर (53 रन देकर पांच विकेट) ने मिचेल स्टार्क (54 रन) को बोल्ड और लियोन (09) को पगबाधा आउट करके पारी में पांच विकेट पूरे किए। स्कॉट बोलैंड 21 गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

इसके जवाब में इंग्लैंड ने सहज शुरुआत की और एक समय उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 37 रन था। इस मैच में वापसी करने वाले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने जैक क्रॉली (09) को आउट करके श्रृंखला का अपना पहला विकेट लिया। इससे इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और उसने 15 गेंद और पांच रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए।

ऑफ स्पिनर लियोन को 10वें ओवर में गेंद सौंपी गई। उन्होंने चार गेंदों के अंदर ओली पोप (03) और बेन डकेट (29) को आउट कर दिया, जिससे इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन हो गया। उन्होंने पोप को एक घूमती हुई गेंद पर आगे बढ़कर खेलने के लिए मजबूर किया और जोश इंग्लिस ने मिडविकेट पर डाइव लगाते हुए कैच कर दिया। इससे उन्होंने तेज गेंदबाज मैकग्रा के 563 टेस्ट विकेटों की बराबरी कर ली।

इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लियोन ने डकेट को बोल्ड किया और इस तरह से वह मैकग्रा से आगे निकल गए। टीवी कवरेज में स्टेडियम के कमेंट्री बूथ में बैठे मैकग्रा को नकली नाराजगी जताते हुए कुर्सी फेंकने का नाटक करते हुए दिखाया गया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अब केवल महान शेन वार्न ही लियोन से आगे हैं। वार्न ने 1992 से 2007 तक 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट लिए। लियोन ने इस तरह से शानदार वापसी की। उन्हें ब्रिस्बेन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच से बाहर रखा गया था।

कमिंस ने जो रूट (19) को आउट किया, जबकि कैमरन ग्रीन ने अपनी तीसरी ही गेंद पर हैरी ब्रूक को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया जिससे चाय के विश्राम से ठीक पहले पांचवें विकेट के लिए उनकी 56 रन की साझेदारी टूट गई। ब्रूक ने 63 गेंदों में 45 रन बनाए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article