क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ जोश हेजलवुड का कहर, बने 300 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के 9वें गेंदबाज

AUS vs BAN Test: हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के 9वें गेंदबाज बन गए जिन्होंने 300 टेस्ट विकेट लिए। वो अब मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और पैट कमिंस के साथ इस क्लब में शामिल हो गए। ​​हेजलवुड ने 89 रन देकर 6 विकेट लिए।

Image

जोश हेजलवुड (फोटो साभार- X)

AUS vs BAN Test: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने गेंदबाजी में चमक बिखेरी। हेजलवुड ने 6 विकेट लेकर टेस्ट में 300 विकेट का ऐतिहासिक माइलस्टोन पूरा किया। शनिवार को बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 351 रन से आगे बढ़ाते हुए 426 रन बनाए। मेहदी हसन मिराज ने 65 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने हसन महमूद के साथ 46 रन, ताइजुल के साथ 18 और तस्कीन के साथ 46 रन की साझेदारी कर टीम को 228 रन की बड़ी बढ़त दिलाई।

हेजलवुड ने लिए 6 विकेट

बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया की खराब फील्डिंग का भी फायदा उठाया जिसने दिन में 3 कैच टपकाए। गेंदबाजी में हेजलवुड ने अकेले दम पर संघर्ष किया। उन्होंने हसन महमूद 14 को जल्दी आउट किया और फिर तीसरे दिन बचे हुए सभी बल्लेबाजों को निपटाया। मिराज को आउट कर उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 300 विकेट पूरे किए। हेजलवुड ने 89 रन देकर 6 विकेट लिए।

इस उपलब्धि के साथ हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के 9वें गेंदबाज बन गए जिन्होंने 300 टेस्ट विकेट लिए। वो अब मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और पैट कमिंस के साथ इस क्लब में शामिल हो गए। 24.02 के बॉलिंग एवरेज के साथ वो ऑस्ट्रेलिया के सर्वकालिक महान गेंदबाजों में चौथे स्थान पर हैं। उनसे बेहतर एवरेज सिर्फ कमिंस, ग्लेन मैकग्राथ और डेनिस लिली का है।

दूसरी पारी में भी लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया

हेजलवुड ने मैच के बाद कहा, "खेलते समय आप ऐसे माइलस्टोन के बारे में नहीं सोचते। इसे आप बाद में देखेंगे। तीन साथियों के साथ इस लिस्ट में होना कूल है।" बता दें कि पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी फेल हो गई। पहली पारी में 198 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में टीम 161 रन पर 4 विकेट खोकर संघर्ष कर रही है। ऑस्ट्रेलिया अभी भी बांग्लादेश की पहली पारी से 67 रन पीछे है। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज जेक वेदरल्ड 0 और ट्रैविस हेड 17 जल्दी आउट हुए। लाबुशेन 31 और स्मिथ 44 बनाकर मेहदी का शिकार बने। अब मैच बचाने की जिम्मेदारी कैमरन ग्रीन और एलेक्स कैरी के कंधों पर है। बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया में पहली टेस्ट जीत के लिए सिर्फ 6 विकेट चाहिए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article