क्रिकेट

Andre Russell Retirement: आंद्रे रसेल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का किया ऐलान, इस दिन खेलेंगे आखिरी मैच

Andre Russell Retirement: भारत और श्रीलंका में अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वेस्टइंडीज के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल टीम के अनुभवी ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वे 23 जुलाई को आखिरी मैच खेलने वाले हैं।

Image

आंद्रे रसेल संन्यास (फोटो- ICCT20WORLDCUPX)

Andre Russell Retirement: वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब टीम को एक और बड़ा झटका लगने वाला है, क्योंकि स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल अगले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं। रसेल का आखिरी मैच 23 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा, जो जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा। यह मैच उनके घरेलू मैदान पर विदाई लेने का मौका होगा।

केवल दो मैच खेलेंगे रसेल, फिर कहेंगे अलविदा

आंद्रे रसेल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए वेस्टइंडीज की टीम में शामिल किया गया है, जो 21 जुलाई से शुरू होगी। हालांकि रसेल केवल पहले दो मैचों में खेलेंगे और फिर संन्यास ले लेंगे। इसके बाद श्रृंखला के शेष तीन मुकाबले सेंट किट्स में खेले जाएंगे, जिनमें रसेल नहीं उतरेंगे।

क्रिकेट वेस्टइंडीज का भावुक संदेश: “थैंक यू, ड्रे रसेल!”

क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने सोशल मीडिया पर रसेल के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि “धन्यवाद, ड्रे रसेल! आपने 15 वर्षों तक दिल, जुनून और गर्व के साथ वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया। दो बार टी20 वर्ल्ड कप विजेता बनने से लेकर मैदान के भीतर और बाहर अपनी विस्फोटक मौजूदगी तक, आपका योगदान हमारे दिलों में हमेशा बना रहेगा।”

टी20 क्रिकेट के चमकते सितारे रहे हैं रसेल

रसेल को टी20 क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर माना जाता है। उन्होंने 2012 और 2016 के टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम में अहम भूमिका निभाई थी। डैरेन सैमी की कप्तानी में यह टीम दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी थी। रसेल की बल्लेबाजी की आक्रामकता और गेंदबाजी की धार ने उन्हें एक अद्वितीय खिलाड़ी बना दिया।

2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले झटका

रसेल का यह संन्यास 2026 टी20 वर्ल्ड कप से ठीक सात महीने पहले आया है, जो दो बार के चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए एक बड़ा झटका है। इससे पहले निकोलस पूरन भी पिछले महीने ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। हालांकि, रसेल की उम्र अब 37 वर्ष हो चुकी है, इसलिए उनका संन्यास अपेक्षित था। वहीं, पूरन ने सिर्फ 29 साल की उम्र में ही विदाई ले ली।

टेस्ट करियर बेहद छोटा, वनडे और टी20 में रहा दबदबा

आंद्रे रसेल ने वेस्टइंडीज के लिए 2010 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, जो उनका एकमात्र टेस्ट रहा। उस मैच में उन्होंने 2 रन बनाए और 1 विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने 2011 में वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और वहीं से उन्होंने अपनी पहचान बनानी शुरू की।

टी20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़े: विस्फोटक बल्लेबाज और उपयोगी गेंदबाज

अब तक रसेल ने 84 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1078 रन बनाए, वो भी 163.08 के स्ट्राइक रेट के साथ। इसके अलावा उन्होंने 61 विकेट भी चटकाए, जिससे उनकी ऑलराउंड काबिलियत साफ झलकती है। वह किसी भी वक्त मैच का रुख पलटने वाले खिलाड़ी रहे हैं।

वनडे में भी दिखाया दम, 2019 वर्ल्ड कप था आखिरी टूर्नामेंट

रसेल ने अपने वनडे करियर में 56 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1034 रन बनाए और 70 विकेट झटके। उनका आखिरी वनडे

मुकाबला 2019 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान खेला गया था। इसके बाद से उन्होंने वनडे क्रिकेट से दूरी बना ली थी।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट में ग्लोबल सुपरस्टार

आंद्रे रसेल ने केवल वेस्टइंडीज ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की टी20 लीग्स में भी अपनी धमाकेदार मौजूदगी दर्ज कराई है। आईपीएल, सीपीएल, बीबीएल समेत कई लीग्स में उन्होंने अपने खेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article