स्पोर्ट्स

'नीरज चोपड़ा को हराने के चक्कर में बिगाड़ा अपना खेल' रोहित यादव ने स्वीकारी गलती

Rohit Yadav On Neeraj Chopra: ​​रोहित यादव ने अपनी गलती स्वीकारते हुए कहा कि उन्होंने जल्दबाजी की। जब आपका एक अच्छा थ्रो आ जाए तो उसी लय को पकड़कर आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन वह स्कोरबोर्ड देखने लगे और दूसरे एथलीट क्या कर रहे हैं ये सोचने लगे। इसी वजह से फोकस हटा और उनकी तकनीक बिगड़ गई।

Image

रोहित यादव और नीरज चोपड़ा (फोटो साभार-neeraj____chopra/rohit________yadav)

Rohit Yadav On Neeraj Chopra: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के जेवलिन थ्रो फाइनल में भारत के नीरज चोपड़ा ने रजत पदक और यशवीर सिंह ने कांस्य पदक जीता। वहीं श्रीलंका के रमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। इस इवेंट में भारतीय भाला फेंक टीम के उभरते चेहरे रोहित यादव को पदक का अहम दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, वह 31 जुलाई को हुए फाइनल में 81.56 मीटर के साथ 7वें स्थान पर रहे। अब रोहित यादव ने बताया है कि उन्होंने फाइनल में क्यों अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। उन्होंने बताया कि दूसरों से आगे निकलने की जल्दी में उन्होंने अपना प्लान बिगाड़ लिया। ग्लास्गो से लौटने के बाद पीटीआई से बात करते हुए 27 साल के रोहित ने माना कि उनका दूसरा थ्रो 81.56 मीटर का था। इस थ्रो के बाद उन्हें लगा कि वो टॉप-8 में तो आसानी से रहेंगे। इसके बाद उनकी सोच बदल गई।

ओवर कॉन्फिडेंस में बिगाड़ा अपना गेम

रोहित के मुताबिक, "मेरा दूसरा प्रयास अच्छा गया था। मुझे लगा मैं फाइनल में बना रहूंगा। फिर मैंने देखा कि श्रीलंका के रमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर फेंककर गोल्ड ले लिया। नीरज भैया 85.83 और यशवीर 85.41 पर थे। उस वक्त दिमाग में आया कि मैं भी उन नंबरों को छू सकता हूं।" यही सोच उन्हें महंगी पड़ गई। रोहित ने कहा कि वो पथिरागे के थ्रो को टक्कर देना चाहते थे। यहां तक कि उनके मन में ये भी आया कि वो उस दिन नीरज चोपड़ा से भी बेहतर कर सकते हैं। इसी अति आत्मविश्वास में उन्होंने बाकी के चार प्रयासों में पूरी ताकत झोंक दी। नतीजा उनके हक में नहीं रहा। उनका तीसरा और पांचवा थ्रो फाउल हो गया। जबकि वह चौथे में सिर्फ 73.70 मीटर और आखिरी प्रयास में 79.55 मीटर ही भाला फेंक पाए।

रोहित यादव ने स्वीकार की गलती

रोहित ने अपनी गलती स्वीकारते हुए कहा, "मैंने जल्दबाजी की। जब आपका एक अच्छा थ्रो आ जाए तो उसी लय को पकड़कर आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन मैं स्कोरबोर्ड देखने लगा। दूसरे एथलीट क्या कर रहे हैं ये सोचने लगा। इसी वजह से फोकस हटा और तकनीक बिगड़ गई।" रोहित के लिए ये सीख भरा टूर्नामेंट रहा। उन्होंने कहा कि अब वो इसी गलती से सीखकर आगे बढ़ेंगे। इंटरनेशनल लेवल पर दबाव को संभालना और अपने खेल पर टिके रहना सबसे जरूरी है। रोहित का मानना है कि 81 मीटर की शुरुआत अच्छी थी। अगर वो उसी रिदम को आगे भी रख पाते तो नतीजा कुछ और हो सकता था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article