स्पोर्ट्स

Asian Games 2023: तेजिंदर पाल तूर ने जीता लगातार दूसरी बार गोल्ड, बने ये कारनामा करने वाले चौथे भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Oct 2, 2023, 12:39 AM IST

भारत के गोलाफेंक एथलीट तेजिंदर पाल सिंह तूर ने एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया है। वो ये कारनामा करने वाले चौथे भारतीय गोलाफेंक बने हैं।

Image

तेजिंदरपाल सिंह तूर

Photo : AP

Tajinderpal Singh Toor Gold Medal Shot Put: भारत के स्टार एथलीट तेजिंदर पाल सिंह तूर ने एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा है। वो एशियाई खेलों में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले अविनाश साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

तूर की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले दो प्रयास उनके फाउल रहे। तीसरे प्रयास में उन्होंने 19.51 मीटर तक गोला फेंका। इसके बाद उनका चौथा प्रयास 20.06 मीटर का रहा था। इसके बाद पांचवें प्रयास में वो फिर फाउल कर बैठे। लेकिन छठे और आखिरी प्रयास में 20.36 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। साल 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में तूर ने 20.75 मीटर दूर गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था। इस बार वो इस दूरी से काफी पीछे रहे लेकिन स्वर्ण पदक उनके खाते में गया।

सऊदी अरब के टोलो ने जीता रजत

स्पर्धा का रजत पदक सऊदी अरब के मोहम्मद डोडा टोलो के नाम रहा। टोले ने 20.18 मीटर दूर गोला फेका, तूर के आखिरी प्रयास में गोल्ड मेडल उनके हाथ से खिसक गया। वहीं चीन के लियू यांग ने 19.97 मीटर दूर गोला फेंककर कांस्य पदक जीता।

लगातार दो गोल्ड जीतने वालो चौथे भारतीय गोलाफेंक

एशियाई खेलों के इतिहास में तेजिंदर पाल सिंह तूर अपने खिताब का बचाव करने वाले चौथे गोलाफेंक बने हैं। उनसे पहले साल 1954 और 1958 में प्रदुमन सिंह बरार, साल 1966 और 1970 में जोगिंदर सिंह और 1978 और 1982 में बहादुर सिंह चौहान ने लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में लगातार दो बार गोलाफेंक में स्वर्ण पदक जीता था। तेजिंदर पाल अब इन दिग्गजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं। 40 साल बाद कोई भारतीय खिलाड़ी ऐसा करने में सफल हुआ है।

प्रदर्शन को पीएम मोदी ने बताया अभूतपूर्व

तूर को लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा, 'अभूतपूर्व। तेजिंदर पाल सिंह ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एशियाई खेलों में गोला फेंक स्पर्धा में लगातार स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। उनका प्रदर्शन असाधारण है, जो हम सभी को मंत्रमुग्ध कर देता है। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article