स्पोर्ट्स

Asian Champions Trophy: भारत ने कोरिया को दी 3-1 से पटखनी, जड़ा जीत का चौका

कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Image

भारत बनाम दक्षिण कोरिया (साभार Hockey India)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने कोरिया को दी 3-1 से मात
  • दर्ज की लगातार चौथी जीत
  • पहले ही भारत सेमीफाइनल में बना ली है जगह

हुलुनबुइर (चीन): कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने गुरुवार को कोरिया को 3-1 से हराकर हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में लगातार चौथी जीत दर्ज की। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने चीन को 3-0 से, जापान को 5-0 और मलेशिया को 8-1 से हराया था। सेमीफाइनल में जगह बना चुकी भारतीय टीम अब शनिवार को आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान से खेलेगी।

हरमनप्रीत ने किए 43वें मिनट में दो गोल

छह टीमों के टूर्नामेंट में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी जो सोमवार को खेला जायेगा जबकि फाइनल मंगलवार को होगा। भारत ने शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए पहले ही क्वार्टर में दो गोल की बढ़त बना ली। मलेशिया के खिलाफ दो गोल करने वाले अराइजीत सिंह हुंडल ने आठवें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद विश्व के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकरों में शुमार हरमनप्रीत ने नौवें और 43वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किये।

जुहन यांग ने किया कोरिया के लिए एकलौता गोल

कोरिया के लिये एकमात्र गोल 30वें मिनट में जिहुन यांग ने पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। भारत ने एक बार फिर आक्रामक शुरुआत की और सुखजीत सिंह के पास पर अराइजीत ने पहला गोल दागा। इसके एक मिनट बाद ही मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले राजकुमार पाल ने भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाया जिस पर हरमनप्रीत ने गोल किया। भारत के रिजर्व गोलकीपर सूरज करकेरा ने प्रभावी प्रदर्शन किया और दूसरे क्वार्टर में कोरिया को गोल नहीं करने दिया।

भारत ने दर्ज की 3-1 से जीत

दूसरे क्वार्टर में कोरिया ने भारतीय गोल पर कई हमले बोले और आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर यांग ने गोल दाग दिया। कोरिया को 35वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस मुस्तैद था। भारत को दो मिनट बाद दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल नहीं हो सका। हरमनप्रीत ने 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढत 3-1 की कर दी। चौथे क्वार्टर की शुरूआत में जरमनप्रीत सिंह ने एक पेनल्टी कॉर्नर गंवाया लेकिन कोरियाई टीम उस पर गोल नहीं कर सकी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article