स्पोर्ट्स

French Open 2026: दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका हुईं फ्रेंच ओपन से बाहर, क्वार्टर फाइनल में मिली हार

दुनिया की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका बुधवार को फ्रेंच ओपन क्वार्टरफाइनल में डायना श्नाइडर के खिलाफ पहला सेट जीतने के बावजूद तीन सेट में हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

Image

आर्यना सबालेंका

Photo : AP

पेरिस: दुनिया की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका बुधवार को फ्रेंच ओपन क्वार्टरफाइनल में डायना श्नाइडर के खिलाफ पहला सेट जीतने के बावजूद तीन सेट में हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। चार बार की ग्रैंडस्लैम विजेता सबालेंका को क्वार्टर फाइनल में श्नाइडर के खिलाफ 3-6, 7-5, 6-0 से शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके साथ ही उनका एक बार फिर फ्रेंच ओपन बनने के सपना अधूरा रह गया।

मुझे हर अंक के लिए लड़ना पड़ा

श्नाइडर ने मैच के बाद कहा,'सच कहूं तो मेरे पास कहने के लिए शब्द ही नहीं हैं। मैं बहुत खुश हूं। मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं हर अंक पर ध्यान लगाने की कोशिश कर रही थी। स्कोर के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रही थी। वह दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी है इसलिए मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही थी। मुझे हर अंक के लिए लड़ना पड़ा।'

दूसरे सेट में बढ़त बनाने के बाद हारीं सबालेंका

सबालेंका दूसरे सेट में 4-1 से आगे थीं और जब वह 5-4 के स्कोर पर मैच जीतने के लिए सर्विस कर रहीं थी तब जीत से सिर्फ दो अंक दूर थीं। पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल खेल रहीं श्नाइडर ने हालांकि इसके बाद जोरदार वापसी की और सबालेंका को कोई मौका नहीं दिया। निर्णायक सेट के छठे गेम में सबालेंका ने 0-40 से पिछड़ने के बाद दो मैच प्वाइंट बचाए लेकिन इसके बाद उन्होंने शॉट को नेट पर मारकर मैच श्नाइडर की झोली में डाल दिया।

पिछले साल कोको गॉफ के खिलाफ इसी तरह गंवाया था फाइनल

सबालेंका ने पिछले साल के फाइनल में कोको गॉफ से हार के दौरान भी इसी तरह की घबराहट दिखाई थी। इससे पहले माजा च्वालिंस्का ने 22वीं वरीयता प्राप्त अन्ना कालिनस्काया को 7-6, 6-3 से हराकर फ्रेंच ओपन में अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article