French Open 2022: लाल बजरी पर नडाल की बादशाहत जारी, रिकॉर्ड 14वीं बार जीता खिताब

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 5, 2022, 09:29 PM IST

Rafael Nadal, French Open 2022 Champion: स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नडाल ने नॉर्वे के 23 वर्षीय कैस्पर रुड को मात देकर 14वीं बार फ्रेंच ओपन के खिताब पर कब्जा कर लिया। 

French Open 2022: लाल बजरी पर नडाल की बादशाहत जारी, रिकॉर्ड 14वीं बार जीता खिताब
Photo Credit: AP

पेरिस: लाल बजरी के बादशाह राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन में अपनी बादशाहत जारी रखी है। 36 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी राफेल नडाल ने नॉर्वे के कैस्पर रुड को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-0 से मात देकर रिकॉर्ड 14वीं बार फ्रेंच ओपन खिताब पर कब्जा कर लिया। पांचवीं वरीयता प्राप्त नडाल ने पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे आठवीं वरीयता प्राप्त रुड को कोई मौका नहीं दिया।

सीधे सेट में दर्ज की जीत
फाइनल में नडाल ने पहला सेट 51 मिनट में 6-3 से अपने नाम करके 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरा सेट भी इतने ही अंतर से इतने ही मिनट में अपने नाम किया और खिताबी जीत की ओर कदम बढ़ा दिए। इसके बाद आत्मविश्वास से भरे नडाल ने तीसरा सेट में 6-0 के अंतर से अपने नाम किया और खिताब पर कब्जा कर लिया।

ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाले नॉर्वे के पहले खिलाड़ी
23 वर्षीय रुड ने फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश करके इतिहास रच दिया था। वो किसी भी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले नॉर्वे के पहले खिलाड़ी बने थे। ऐसे में अनुभवी नडाल ने रूड धमाल नहीं मचा पाए। ऐसे में नडाल ने सीधे सेटों में बगैर संघर्ष के जीत की औपचारिकता पूरी कर ली।

जीता करियर का 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब
नडाल का ये करियर का 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। वो सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की रेस में रोजर फेडरर(20) और नोवाक जोकोविच(20) से 2 कदम आगे निकल गए हैं। नडाल ने साल 2005 से 2022 तक 14 बार फ्रेंच ओपन खिताब जीते हैं। इसके अलावा उन्होंने दो-दो ऑस्ट्रेलियन ओपन, विंबलडन और चार यूएस ओपन खिताब जीते हैं। 

जीता लगातार दूसरा खिताब
नडाल करियर में पहली बार एक ही साल में ऑस्ट्रेलियन और फ्रेंच ओपन खिताब जीतने में सफल हुए हैं। इस तरह उन्होंने कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा लिए हैं। अब उनके सामने विंबलडन और यूएस ओपन जीतने की चुनौती होगी। 36 साल की उम्र में खुद को फिट रख पाना आसान नहीं होगा। 

End of Article