10 Lacs Diyas On Kashi Ghat: शिव की नगरी काशी में सोमवार शाम भव्य देव दीपावली मनायी गयी। सूर्यास्त के साथ ही उत्तर वाहिनी गंगा के तट पर प्रज्जवलित लाखों दीपों ने आलौकिक छटा बिखेरी। तकरीबन आठ किलोमीटर लंबे काशी के घाटों पर मानो आकाशगंगा के सितारे उतर आये हों। सभी महत्वपूर्ण घाटों पर भव्य महाआरतियों और घण्ट-घड़ियालों की ध्वनि से काशी की धरा पर देवताओं का स्वागत हुआ। गौरतलब है कि कल ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देव दीपावली की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और अधिकारियों को समुचित निर्देश भी दिए थे।
दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति बनाकर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। मां गंगा की महाआरती में नारी शक्ति की भी अद्भुत तस्वीर देखने को मिली। यहां मुख्य अर्चक के रूप में कन्याओं ने गंगा मइया की पूजा-वंदना की।

Dev Deepawali 2022
21 लाख दीपों से जगमग हुई पुण्यधरा काशी
देव दीपावली पर काशी नगरी में तकरीबन 21 लाख दीये जलाये गये। केवल काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर ही 10 लाख से अधिक दीये जलाये गये। इसमें आठ लाख दीये पश्चिमी तट पर स्थित 84 घाटों पर जबकि, दो लाख दीये पूर्वी तट की रेत पर जलाये गये। इसके अलावा गंगा-गोमती तट पर स्थित मार्कण्डेय महादेव के धाम से लेकर शूलटंकेश्वर मंदिर के समीप नदी तट को आकर्षक दीयों से सजाया गया।

Dev Deepawali 2022
शिवपुर झील, मोती झील, जंसा क्षेत्र में रामेश्वर महादेव मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर, कर्दमेश्वर महादेव मंदिर तालाब, मैदागिन स्थित मंदाकिनी कुंड, संकुलधारा पोखरा, बरेका स्थित सूर्य सरोवर के साथ ही वरुणा नदी के शास्त्रीघाट पर भी लाखों दीयों से जलनिधियों को जगमग किया गया।

Dev Deepawali 2022
अलौकिक के साथ आधुनिक काशी का नजारा
काशी में एक साथ 21 लाख दीयों के प्रज्जवलित होने से अलौकिक समा तो बंधा ही साथ ही चेत सिंह घाट पर पहली बार 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो के माध्यम से गंगा आवरण व देव दीपावली की कथा और लेज़र शो के माध्यम से भगवान शिव के चित्रात्मक भजन सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो उठे।

Dev Deepawali 2022
देव दीपावली पर काशी के सभी मंदिरों, यहां तक कि सड़क के विद्युत खंभों को भी आकर्षक झालरों से सजाया गया। काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार रेत पर ग्रीन आतिशबाजी का भी लोगों ने जमकर आनंद लिया। इसके अलावा शहर के छह स्थानों पर घाटों की रौनक और महाआरतियों का सीधा प्रसारण किया गया।

Dev Deepawali 2022
अध्यात्म के साथ राष्ट्रीयता का संदेश
देव दीपावली महोत्सव ने अध्यात्म के साथ ही राष्ट्रीयता का भी संदेश दिया। दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर जवानों को श्रद्धांजलि भी दी गई। यहां देश के वीर शहीद जवानों को सेना के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। लगभग सभी घाटों पर धार्मिक आयोजन हुए, धार्मिक कलाकृति देखने को मिली। घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ।

Dev Deepawali 2022
शामिल हुए SCO देशों के सदस्य
पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से वाराणसी की देव दीपावली साल दर साल भव्य से भव्यतम रूप में दिखाई देने लगी है। हाल ही में काशी को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की और से एक साल के लिए सांस्कृतिक और पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है। वहीं देव दीपावली पर SCO देशों में से रूस से एक व किर्गिस्तान से दो सदस्य काशी की अलौकिक छटा को निहारने पहुंचे।

Dev Deepawali 2022
50 टन फूलों से सजाया गया काशी विश्वनाथ धाम
देव दीपावली पर काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को 50 टन फूलों से सजाया गया। सजावट का कार्य दो दिन पहले से शुरू हो गया था। इसके लिए सरकार की ओर से 80 लाख रुपए खर्च किये गये थे। वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा के अनुसार विशाखापट्टनम के डेकोरेटर ने स्वेच्छा से मंदिर को सजाने-संवारने के लिए पहल की थी।

Dev Deepawali 2022
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसमें विश्वनाथ धाम के गंगाद्वार को आकर्षक झालरों से सजाया गया। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद इस साल ये पहली देव दीपावली मनायी गयी है। आने वाले सालों में भी देव दीपावली पर विश्वनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया जाएगा।

Dev Deepawali 2022
सुरक्षा के लिए 9 जोन, 6 सेक्टर और 32 सब सेक्टर में बांटी गयी काशी
देव दीपावली पर काशी के घाटों पर उमड़ी लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त किये थे। रविवार को ही वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को पर्यटकों से शिष्टाचार से पेश आने की हिदायत दी थी। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश के अनुसार देव दीपावली पर काशी में सात स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। इसमें घाटों की सुरक्षा, नदी में सुरक्षा, सड़क पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, इमर्जेंसी प्रबंधन, अंतरविभागीय समन्वय और इंट्री एंड एग्जिट को लेकर मुकम्मत तैयारी पहले से ही की गयी थी। इसके अलावा काशी नगरी को 9 जोन, 16 सेक्टर और 32 सब सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी थी।

Dev Deepawali 2022
