Parama Ekadashi 2026: अधिकमास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को परमा एकादशी कहा जाता है। इसे सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। यह व्रत भगवान विष्णु की आराधना के लिए समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत, पूजा और जप-तप के साथ दान-पुण्य करने से कई गुना अधिक फल प्राप्त होता है। परमा एकादशी पर श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार किया गया दान व्यक्ति के जीवन से दरिद्रता, कष्ट और नकारात्मकता को दूर करने में सहायक होता है। मान्यता है कि इस दिन कुछ खास चीजों का दान करने से घर में हमेशा मां लक्ष्मी का वास रहता है। आइए जानते हैं परमा एकादशी पर दान (parama ekadashi daan) की चीजों के बारे में...
अन्नदान करें
एकादशी के दिन अन्न ग्रहण न करना अच्छा माना जाता है। इसके साथ ही इस दिन अन्न दान करना शास्त्रों में महादान कहा गया है। परमा एकादशी के दिन गरीबों, साधु-संतों और जरूरतमंद लोगों को सात्विक भोजन कराने का विशेष महत्व बताया गया है। यदि संभव हो तो सप्तधान्य यानी सात प्रकार के अनाज या आटे का दान भी किया जा सकता है। आज अन्नदान से घर में कभी अन्न की कमी नहीं होती और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: परमा एकादशी पर जरूर पढ़ें ये कथा, इसके बिना अधूरा रह जाएगा व्रत
पीली वस्तुओं का दान करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु को पीला रंग अत्यंत प्रिय है। इसलिए परमा एकादशी पर पीले रंग की वस्तुओं का दान विशेष फलदायी माना जाता है। आम, केला जैसे पीले फल, चने की दाल, हल्दी और गुड़ का दान करने से सुख, शांति और आर्थिक उन्नति का आशीर्वाद मिलता है। इसके अलावा आप जरूरतमंदों को पीले रंग के कपड़े दान कर सकते हैं।
जल और मटके का दान करें
गर्मी के मौसम में जलदान का महत्व और भी बढ़ जाता है। परमा एकादशी पर ठंडे पानी की व्यवस्था करना, राहगीरों को पानी पिलाना या जल से भरे मिट्टी के घड़े का दान करना शुभ माना जाता है। यह दान केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि मानव सेवा का भी श्रेष्ठ उदाहरण है। धार्मिक मान्याताओं के अनुसार जल का दान करने से जीवन में शांति आती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: आज इन राशियों पर बरसेगी भगवान विष्णु की कृपा, पढ़ें सभी का दैनिक राशिफल
शिक्षा सामग्री का दान
आज के दिन जरूरतमंद लोगों को उपयोगी शिक्षा सामग्री दान करना भी शुभ माना गया है। विद्यार्थियों को धार्मिक पुस्तकें, कॉपियां, पेन या अन्य स्टेशनरी सामग्री देने से ज्ञान और विद्या का आशीर्वाद प्राप्त होता है। आपका यह दान समाज के विकास में भी योगदान देगा और सकारात्मक संस्कारों को बढ़ावा मिलेगा।
गौ सेवा करें
सनातन परंपरा में गौ सेवा को अत्यंत पवित्र कार्य माना गया है। क्योंकि गाय में सभी देवताओं का निवास होता है, इसलिए एकादशी के दिन गौ सेवा करना आपके लिए अच्छा होगा। परमा एकादशी पर गाय को हरा चारा, गुड़ या अन्य खाद्य सामग्री खिलाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि गौ सेवा से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी दोनों की कृपा प्राप्त होती है।
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार दान का मूल्य उसकी मात्रा से नहीं बल्कि उसके पीछे की भावना से तय होता है। परमा एकादशी पर श्रद्धा, विनम्रता और निष्काम भाव से किया गया छोटा-सा दान भी अत्यंत फलदायी माना जाता है। तो आज आप अपनी भावना और सामर्थ्य के अनुसार दान करें, जिससे आपको पुण्यफल की प्राप्ति होगी।
