Kala Tika Kahan Lagana Chahiye : भारतीय संस्कृति में नजर लगना या नजर दोष एक बहुत पुरानी मान्यता है। आज भी जब किसी बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो जाए, कोई व्यक्ति बिना कारण परेशान रहने लगे या किसी की खुशियां अचानक कम होने लगें, तो लोग इसे नजर दोष से जोड़कर देखते हैं। यही वजह है कि छोटे बच्चों से लेकर बड़े लोगों तक को नजर से बचाने के लिए काला टीका लगाया जाता है।
ज्योतिषाचार्य सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार कई शास्त्रों में नजर दोष के बारे में बताया गया है। माना जाता है कि नजर करियर, बिजनेस और यहां तक कि फैमिली में भी दिक्कतें ला सकती है। हालांकि, कई लोग नजर से बचने के लिए काला टीका चेहरे या माथे पर लगा देते हैं, लेकिन ज्योतिष मान्यताओं और तंत्र शास्त्र में नजर का टीका यहां नहीं अन्य अंगों पर लगाने का विधान बताया गया है। आइए जानते हैं कि नजर का टीका कहां लगवाना चाहिए।
क्या सचमुच लगती है नजर
तंत्र शास्त्र के अनुसार हर व्यक्ति के विचार और ऊर्जा का प्रभाव आसपास के वातावरण पर पड़ता है। जब कोई व्यक्ति अत्यधिक ईर्ष्या, जलन या नकारात्मक भाव से किसी को देखता है, तो उसकी नकारात्मक ऊर्जा सामने वाले व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। इसी को नजर दोष कहा जाता है। विशेष रूप से नवजात शिशु, छोटे बच्चे, नई दुल्हन, गर्भवती महिलाएं और अचानक सफलता प्राप्त करने वाले लोग नजर दोष के प्रति अधिक संवेदनशील माने जाते हैं।
क्यों लगाया जाता है नजर का टीका
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार काला रंग नकारात्मक ऊर्जा को अपने अंदर समाहित कर लेता है। इसी कारण काजल, काला धागा या काला टीका लगाने की परंपरा बनी। मान्यता है कि काला टीका व्यक्ति की सुंदरता या आकर्षण को थोड़ा कम करके नकारात्मक दृष्टि का प्रभाव कम कर देता है। यही कारण है कि बच्चे के माथे, गाल या ठोड़ी पर काला टीका लगाया जाता है।
क्या चेहरे पर नहीं लगाना चाहिए टीका
बहुत से लोग सोचते हैं कि नजर का टीका केवल चेहरे पर ही लगाया जाना चाहिए, लेकिन धार्मिक मान्यताओं और लोक परंपराओं के अनुसार ऐसा जरूरी नहीं है। अगर आपको पार्टी या मीटिंग में जाना है तो चेहरे पर टीका अच्छा नहीं लगता है, इस कारण कुछ ऐसे अंग भी हैं, जहां पर नजर का टीका ज्यादा प्रभावशाली होता है।आइए जानते हैं कि नजर का टीका कहां पर लगाना चाहिए।

कहां लगाएं टीका (2)
कान पर लगाना चाहिए नजर का टीका
ज्योतिषाचार्य सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, नजर दोष से बचाव के लिए कान के पीछे काला टीका लगाना सबसे लोकप्रिय और प्रभावी तरीकों में से एक माना जाता है। इसका एक फायदा यह भी है कि टीका दिखाई नहीं देता और व्यक्ति की सुंदरता या प्रोफेशनल लुक पर कोई असर नहीं पड़ता है। छोटे बच्चों को भी अक्सर कान के पीछे काला टीका लगाया जाता है। अगर आप किसी मीटिंग आदि में जा रहे या रही हैं तो आप अपनी आंख से काजल लेकर कान के पीछे लगा सकते हैं। दरअसल आंख शनि का प्रतीक है। इस कारण यहां से काला टीका लेना ज्यादा प्रभावी होता है। आप किसी पार्टी या मीटिंग से आने के बाद कान के पीछे का टीका साफ कर दें, तब अन्य कार्य करें। अगर लोगों ने काफी तारीफ की है तो नमक के पानी से टीका पोछ लें। कान के पीछे टीका सबसे ज्यादा प्रभावी माना जाता है।

तलवों पर लगाएं काला टीका
पैर के तलवे पर लगाएं
नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए पैर के तलवे पर काला टीका लगाना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे नजर की नकारात्मक ऊर्जा सीधे धरती में चली जाती है और बच्चे पर उसका प्रभाव कम हो जाता है।
गर्दन के पीछे भी लगा सकते हैं टीका
गर्दन के पीछे लगाया गया काला टीका भी नजर दोष से बचाव का एक पारंपरिक उपाय माना जाता है। कई परिवारों में बच्चों और महिलाओं को गर्दन के पीछे छोटा सा काला टीका लगाया जाता है ताकि वह दूसरों की नजर से सुरक्षित रहें।
ठोड़ी के नीचे
यदि चेहरे पर सीधे टीका नहीं लगाना चाहते तो ठोड़ी के नीचे लगाया गया छोटा सा काला टीका भी नजर दोष से बचाने वाला माना जाता है। यह स्थान कम दिखाई देता है और पारंपरिक रूप से काफी प्रचलित भी है।
बच्चों को कहां लगाना चाहिए नजर का टीका
छोटे बच्चों को सबसे अधिक नजर लगने की आशंका मानी जाती है। ऐसे में उन्हें निम्न स्थानों पर टीका लगाया जा सकता है। छोटे बच्चों की एनर्जी का औरा ज्यादा मजबूत नहीं होता है। इस कारण उनको नजर जल्द लग जाती है। ऐसे में बच्चों को कान के पीछे, पैर के तलवे पर, गर्दन के पीछे, ठोड़ी के नीचे टीका लगा सकते हैं।
बड़ों को कहां लगाना चाहिए नजर का टीका
वयस्क लोगों के लिए कान के पीछे या गर्दन के पीछे टीका लगाना सबसे उपयुक्त माना जाता है। जो लोग सार्वजनिक जीवन, मीडिया, राजनीति, कला, व्यापार या सोशल मीडिया से जुड़े हैं, उन्हें भी नजर दोष से बचने के लिए यह उपाय करते हैं।
नजर का टीका किस चीज से लगाएं
नजर से बचने के टीके के लिए आप काजल, दीपक की कालिख, घी के दीपक की कालिख,विशेष रूप से तैयार किया गया काला टीका या फिर हवन की भभूत से टीका लगा सकते हैं। अगर कोई महिला आंख से काजल निकालकर टीका लगा दे तो इसे सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है।
इन तरीकों से भी उतारी जा सकती है नजर
अगर किसी को नजर लग गई है तो आप ये तरीके भी अपना सकते हैं। ऐसे में बाजार में मिलने वाले मोटे नमक के टुकड़ों को व्यक्ति के सिर से सात बार घुमाकर बहते पानी में बहा देना चाहिए। इसके साथ ही राई और सूखी लाल मिर्च को व्यक्ति के ऊपर से उतारकर आग में जला देना चाहिए। अगर जलने पर मिर्च की स्मेल न लगे तो समझ जाना चाहिए कि नजर लगी है। हाथ, पैर या कमर में काला धागा बांधना भी नजर दोष से बचाव का एक लोकप्रिय उपाय माना जाता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
