What Happens If Temple Shadow Falls On House: मंदिर को एक पवित्र स्थान माना जाता है, जहां लोग ईश्वर से जुड़ने के लिए घंटों पूजा-पाठ व ध्यान करते हैं। इससे न सिर्फ उनकी आध्यात्मिक उन्नति होती है, बल्कि बाहरी दुनिया की भागदौड़ से दूर सुकून भी मिलता है। फिर भी इसकी परछाई को अशुभ माना जाता है। आज यहां पर आप जानेंगे कि पवित्र मंदिर की परछाई को अशुभ क्यों माना जाता है और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं क्या कहती हैं। साथ ही मंदिर की परछाई के संभावित अशुभ प्रभावों से बचने के उपायों के बारे में आपको पता चलेगा।
मंदिर की परछाई घर पर क्यों नहीं पड़नी चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लंबे समय तक घर पर मंदिर की परछाई पड़ना अशुभ होता है। खासकर, सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच मंदिर की सीधी परछाई घर की किसी भी दीवार, मुख्य द्वार या खिड़की पर नहीं पड़नी चाहिए। दरअसल, मंदिर के अंदर उच्च आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा होती है। जब मंदिर की परछाई किसी घर पर पड़ती है तो उसके साथ वहां की सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव भी पड़ता है, जिसे सामान्य गृहस्थ जीवन जीने वाले लोग सहज रूप से नहीं झेल पाते हैं।
मंदिर की परछाई का नकारात्मक प्रभाव
मान्यता है कि जिन घरों पर मंदिर की परछाई पड़ती है, वहां अक्सर कलह और अशांति रहती है। परिवार के सदस्य एक-दूसरे से दूर होने लगते हैं और मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। इसके अलावा मंदिर की परछाई का नकारात्मक प्रभाव घर वालों की सेहत और आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है। ऐसे परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। घर का कोई न कोई सदस्य बार-बार बीमार पड़ता है। इतना ही नहीं वंश वृद्धि में भी बाधाएं उत्पन्न होती हैं।
छाया दोष भी लगता है
जिन लोगों के घर पर मंदिर की सीधी परछाई पड़ती है, उन्हें छाया दोष भी लग सकता है। छाया दोष के कारण परिवार के सदस्यों की प्रगति नहीं होती है। उन्हें गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही घर में हर समय नकारात्मक ऊर्जा रहती है।
घर पर मंदिर की परछाई पड़े तो क्या करें?
यदि आपके घर पर मंदिर की परछाई पड़ रही है तो ऐसी स्थिति में आप घर और मंदिर के बीच में एक ऊंची दीवार बना सकते हैं या बड़े पौधे लगा सकते हैं। इसके अलावा नियमित रूप से घर में किसी वास्तु विशेषज्ञ से पूजा करवाएं।
नोट: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, जो कि केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
