Hindu New Year 2025 Kab Hai: हिंदुओं के नए साल की शुरूआत चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है और हिंदू नव वर्ष का पहला त्योहार होता है चैत्र नवरात्रि और गुड़ी पड़वा। धार्मिक मान्यताओं अनुसार ये वही दिन है जब ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। ऐसा कहा जाता है कि इसी दिन प्रभु श्रीराम एवं धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक भी हुआ था। चलिए जानते हैं 2025 में हिंदू नव वर्ष कब से लग रहा है।
हिंदू नव वर्ष 2025 कब है (Hindu New Year 2025 Kab Hai)
हिंदू नव वर्ष 2025 की शुरुआत 30 मार्च से होगी। ये विक्रम संवत 2082 होगा। जो रेवती नक्षत्र और इन्द्र योग में शुरू हो रहा है। खास बात ये है कि इस दौरान सूर्य देव और चंद्र देव दोनों मीन राशि में विराजमान रहेंगे। बता दें हिंदू नववर्ष 2025 के राजा और मंत्री दोनों ही सूर्य देव हैं।
चैत्र नवरात्रि से क्यों शुरू होता है हिंदुओं का नव वर्ष
पौराणिक मान्यताओं अनुसार चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन पर ही देवी ने ब्रह्माजी को सृष्टि की रचना करने का कार्यभार सौंपा था। इसलिए यह दिन समस्त जगत के आरंभ का दिन माना जाता है। देवी भागवत पुराण के अनुसार, इस तिथि पर ही देवी मां ने सभी देवी-देवताओं के कार्यों का बंटवारा किया था। इसी वजह से चैत्र नवरात्र से हिंदू वर्ष का आरंभ माना जाता है।
