Dhanteras 2022 Date, Time, Puja Muhurat in India: इस साल धनतेरस त्योहार की तारीख को लेकर लोग काफी कन्फ्यूज हैं। कोई 22 अक्टूबर को धनतेरस बता रहा है तो कोई 23 अक्टूबर को। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि धनतेरस का पर्व अमूमन दिवाली से दो दिन पहले मनाया जाता है। इसलिए अधिकतर लोग 22 अक्टूबर को धनतेरस मनाए जाने की बात कर रहे हैं। वहीं कुछ ज्योतिषियों अनुसार इस बार त्रयोदशी तिथि का ऐसा संयोग बना है जिससे ये पर्व दोनों ही दिन मनाया जा सकेगा। दरअसल हिंदू पंचांग अनुसार धनतेरस का पर्व कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस बार ये तिथि 22 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 2 मिनट से शुरू हो रही है और इसकी समाप्ति 23 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 3 मिनट पर हो रही है।
Dhanteras 2022 Date (धनतेरस 2022 कब है?)
ऐसे में दोनों ही दिन तिथि का संयोग पड़ने के कारण ये असमंजस बना हुआ है कि आखिर किस दिन धनतेरस की पूजा की जाए? शास्त्रों के अनुसार धनतेरस की पूजा प्रदोष काल यानी शाम के समय की जाती है, जब स्थिर लग्न होता है। इसके अलावा वृषभ लग्न को स्थिर माना गया है। मान्यता अनुसार इस समय पर धनतेरस पूजा की जाये तो मां लक्ष्मी घर में ठहर जातीं हैं। इस बार त्रयोदशी तिथि 23 अक्टूबर को प्रदोष काल शुरू होने पर ही खत्म हो रही है जिस कारण धनतेरस की पूजा 22 अक्टूबर को ही करना शुभ माना जा रहा है। क्योंकि इस दिन पूजा के लिए ज्यादा समय मिल रहा है।
क्योंकि 23 अक्टूबर को शाम तक त्रयोदशी रहने वाली है इसलिए कई लोग इस दिन को भी धनतेरस पूजा के लिए शुभ मान रहे हैं। 23 अक्टूबर धनतेरस पर सुबह से ही सर्वार्थ सिद्धि योग शुरू हो जाएगा, जो पूरे दिन और रात्रि तक रहेगा। वहीं इस दिन दोपहर 2:30 बजे से अमृत सिद्धि योग भी शुरू होगा। धनतेरस पर सुबह 7.51 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच शुभ चौघड़िया मुहूर्त रहेंगे। इस कारण खरीदारी करने के लिए 23 अक्टूबर का दिन ज्यादा शुभ माना जा रहा है। इसके बाद दोपहर 1:30 से 3 बजे के बीच भी शुभ चौघड़िया में खरीदारी के लिए शुभ समय होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 10:30 बजे के बीच भी दोबारा से शुभ चौघड़िया मुहूर्त रहेंगे, जिनमें खरीदारी की जा सकेगी।
इस लिहाज से 22 अक्टूबर का दिन धनतेरस पूजा के लिए शुभ माना जा रहा है तो 23 अक्टूबर का दिन धनतेरस खरीदारी के लिए। आप इनमें से किसी भी दिन धनतेरस पर्व मना सकते हैं।
धनतेरस पूजा मुहूर्त 22 अक्टूबर 2022 (Dhanteras 2022 Muhurat)
पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजकर 58 मिनट से रात 8 बजकर 15 मिनट तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5 बजकर 42 मिनट से रात 8 बजकर 15 मिनट तक रहेगा। वृषभ काल शाम 6 बजकर 58 मिनट से रात 8 बजकर 54 मिनट तक रहेगा।
धनतेरस पूजा मुहूर्त 23 अक्टूबर 2022(Dhanteras 2022 Puja Muhurat):
इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 44 मिनट से शुरू हो रहा है जिसकी समाप्ति शाम 6 बजकर 5 मिनट पर होगी। इस दिन प्रदोष काल शाम 5 बजकर 44 मिनट से रात 8 बजकर 16 मिनट तक रहेगा। वृषभ काल शाम 6 बजकर 58 मिनट से रात 8 बजकर 54 मिनट तक रहेगा।
