Chandra Grahan 2022 Sutak Date and Time: 8 नवंबर को साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण लग रहा है। खास बात ये है कि ये चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। जिस वजह से इसका सूतक काल भी मान्य होगा। धार्मिक दृष्टि से ग्रहण के सूतक काल का विशेष महत्व माना जाता है। ग्रहण की तरह ही सूतक की अवधि भी अशुभ मानी जाती है। इसलिए इस दौरान कई कार्यों को करने पर रोक लग जाती है। जानिए क्या होता है सूतक काल और साल के दूसरे चंद्र ग्रहण के सूतक का क्या रहेगा समय।
चंद्र ग्रहण 2022 सूतक टाइम (Chandra Grahan 2022 Sutak Time)
साल का आखिरी चंद्र ग्रहण कार्तिक पूर्णिमा के दिन यानी 8 नवंबर 2022, मंगलवार को लगने जा रहा है। चंद्र ग्रहण की शुरूआत शाम 05 बजकर 32 मिनट पर होगी और इसका समापन शाम 06 बजकर 18 मिनट पर होगा। सूतक काल ग्रहण से ठीक 9 घंटे पहले शुरू हो जाएगा। चंद्र ग्रहण का सूतक सुबह 9 बजकर 21 मिनट पर शुरू होगा और इसकी समाप्ति चंद्र ग्रहण के साथ होगी।
भारत में दिखेगा पूर्ण चंद्र ग्रहण: पंचांग के अनुसार 8 नवंबर को पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा जो भारत के पूर्वी राज्यों में दिखाई दे सकता है। देश के बाकी हिस्सों में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा।
इन देशों में नजर आएगा चंद्र ग्रहण: साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण भारत के अलावा, ऑस्ट्रेलिया, अधिकांश दक्षिण अमेरिका, अन्य एशियाई क्षेत्रों, उत्तर-पूर्वी यूरोप, उत्तरी अमेरिका, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर, अंटार्कटिका और हिंद महासागर में नजर आएगा।
चंद्र ग्रहण और सूतक के दौरान क्या करें और क्या न करें? भोजन पकाने या खाने से बचें। भगवान की मूर्तियों को स्पर्श न करें। पूजा-पाठ न करें। हालांकि मन ही मन आप भगवान का ध्यान कर सकते हैं। सूतक के दौरान शुभ काम न करें। गर्भवती महिलाएं घर से बाहर न निकलें।
