अध्यात्म

ज्योतिषाचार्य का दावा: पीएम मोदी छोड़ेंगे कुर्सी, योगी बनेंगे प्रधानमंत्री, अखिलेश नहीं केशव बनेंगे यूपी CM !

'योगी आदित्यनाथ अपना तीसरा कार्यकाल पूरा करने से पहले केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे। आगे चलकर वह भारत के प्रधानमंत्री बन सकते हैं और लंबे समय तक इस पद पर रह सकते हैं।'

Image

ज्योतिषाचार्य से जानें क्या योगी आदित्यनाथ बनेंगे प्रधानमंत्री, पीएम मोदी पूरा कर पाएंगे कार्यकाल? यूपी चुनाव में क्या होगा अखिलेश यादव का?

राजनीति में चुनावी रणनीति, संगठन और जनाधार जितने महत्वपूर्ण माने जाते हैं, उतनी ही दिलचस्पी लोगों की इस बात में भी रहती है कि ग्रह-नक्षत्र क्या संकेत दे रहे हैं। ज्योतिषाचार्य अंकित अग्निहोत्री ने टाइम्स नाउ नवऊभारत से बातचीत में देश के कई बड़े नेताओं पर कई 'भविष्यवाणियां' की हैं। कु जो ज्योतिषाचार्य ने इन नेताओं और राजनीतिक दलों की कुंडली और उनके फाउंडेशन चार्ट के आधार पर आने वाले महीनों को लेकर अपनी ये भविष्यवाणी की है। इसमें उत्तर प्रदेश, पंजाब और राष्ट्रीय राजनीति तक के कई बड़े नाम शामिल हैं।

समाजवादी पार्टी में टूटफूट की आशंका

ज्योतिषाचार्य अंकित अग्निहोत्री का कहना है कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के फाउंडेशन चार्ट का अध्ययन किया है। उनके मुताबिक किसी भी व्यक्ति या संगठन के जीवन में दशा ही तय करती है कि कौन-सा समय किस तरह के परिणाम लेकर आएगा।

इसी आधार पर उनका दावा है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी के भीतर बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है। उनके अनुसार पार्टी में भगदड़, दो फाड़ और बड़े नेताओं के इधर-उधर जाने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संगठन में बड़ी टूटफूट देखने को मिल सकती है।

अखिलेश यादव की लड़ाई मजबूत, लेकिन सत्ता दूर

अखिलेश यादव को लेकर ज्योतिषाचार्य का आकलन दो हिस्सों में बंटा दिखाई देता है। एक ओर वे कहते हैं कि अखिलेश यादव का चार्ट मजबूत है और विपक्ष के नेताओं में उनका प्रदर्शन बेहतर रहेगा। दूसरी ओर उनका दावा है कि 2027 में वे सत्ता तक नहीं पहुंच पाएंगे।

उनके मुताबिक भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतेगी, हालांकि समाजवादी पार्टी अच्छी टक्कर देगी। वे यह भी कहते हैं कि अखिलेश यादव का राजनीतिक करियर आगे भी अच्छा रहेगा, लेकिन फिलहाल सत्ता उनके भाग्य में नहीं दिखाई देती।

पंजाब में भगवंत मान की वापसी नहीं होगी?

पंजाब की राजनीति पर चर्चा करते हुए ज्योतिषाचार्य का कहना है कि वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उनके अनुसार आम आदमी पार्टी अगला कार्यकाल हासिल नहीं कर पाएगी और बहुमत से काफी कम सीटें मिलेगीं। बातचीत में उन्होंने यहां तक कहा कि पंजाब में पार्टी की स्थिति दिल्ली जैसी हो सकती है।

अरविंद केजरीवाल के लिए कठिन समय का दावा

अरविंद केजरीवाल की कुंडली पर बात करते हुए ज्योतिषाचार्य कहते हैं कि बृहस्पति की महादशा तक उनके लिए समय अनुकूल रहा, लेकिन अब शनि की महादशा कठिन परिस्थितियां लेकर आई है।

उनका दावा है कि 2029 तक केजरीवाल के लिए चुनौतीपूर्ण समय रहेगा। अंतरदशा बदलने पर कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल राजनीतिक परेशानियां बनी रहेंगी। बातचीत में वे यह भी कहते हैं कि भविष्य में फिर किसी विवाद या कानूनी मुश्किल की स्थिति बन सकती है।

राघव चड्ढा की राजनीति पर क्या कहा?

राघव चड्ढा के बारे में ज्योतिषाचार्य का कहना है कि उनका राजनीतिक करियर बहुत प्रभावशाली नहीं रहेगा। उनके मुताबिक वे बड़े जननेता के रूप में स्थापित होते नहीं दिखते।

वे दावा करते हैं कि भविष्य में राघव चड्ढा राजनीति छोड़कर विदेश जा सकते हैं और वहां व्यवसाय के क्षेत्र में अधिक सफल हो सकते हैं। उनके अनुसार विदेश में बसने और कारोबार करने के योग अधिक मजबूत हैं।

डी.के. शिवकुमार पर संकट, लेकिन कार्यकाल पूरा

कर्नाटक के नेता डी.के. शिवकुमार को लेकर बातचीत में कहा गया कि उनके सामने कई संकट आएंगे और वे लगातार चर्चा में रहेंगे। इसके बावजूद ज्योतिषाचार्य का दावा है कि वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

उनके अनुसार शिवकुमार का राजनीतिक चार्ट मजबूत है और भविष्य में भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां मिलती रहेंगी।

योगी आदित्यनाथ को लेकर सबसे बड़ी भविष्यवाणी

पूरी बातचीत में सबसे बड़ा दावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर किया गया। ज्योतिषाचार्य का कहना है कि 2027 का चुनाव भारतीय जनता पार्टी जीतेगी, लेकिन उसके बाद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।

उनके अनुसार योगी आदित्यनाथ अपना तीसरा कार्यकाल पूरा करने से पहले केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे। बातचीत में उन्होंने यह भी दावा किया कि आगे चलकर योगी आदित्यनाथ भारत के प्रधानमंत्री बन सकते हैं और लंबे समय तक इस पद पर रह सकते हैं।

नरेंद्र मोदी को लेकर क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी बातचीत में कई दावे किए गए। ज्योतिषाचार्य का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी अपना कार्यकाल पूरा करेगी, लेकिन 2027 के आसपास नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है।

वे दावा करते हैं कि नरेंद्र मोदी सक्रिय नेतृत्व की भूमिका से हट सकते हैं और उनके लिए "ग्रेसफुल रिटायरमेंट" जैसी स्थिति बन सकती है। बातचीत में उन्होंने यहां तक संभावना जताई कि भविष्य में वे राष्ट्रपति पद की भूमिका में भी दिखाई दे सकते हैं।

क्या केशव प्रसाद मौर्य बनेंगे मुख्यमंत्री?

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर चर्चा के दौरान ज्योतिषाचार्य ने एक और महत्वपूर्ण दावा किया। उनके अनुसार यदि योगी आदित्यनाथ केंद्र की राजनीति में जाते हैं, तो उसके बाद केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। वे कहते हैं कि यह निष्कर्ष उन्होंने विभिन्न चार्ट और उपलब्ध परिस्थितियों की तुलना के आधार पर निकाला है।

भविष्यवाणियों का आधार क्या?

बातचीत के अंत में ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि किसी भी भविष्यवाणी का आधार केवल "आभास" या अनुमान नहीं हो सकता। उनके अनुसार जन्मकुंडली, फाउंडेशन चार्ट और विभिन्न विभाजन कुंडलियों (D1, D9, D10) के अध्ययन के बाद ही वे निष्कर्ष निकालते हैं।

वे यह भी कहते हैं कि किसी व्यक्ति के जीवन का पैटर्न कुंडली में दिखाई देता है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति असाधारण पुरुषार्थ, प्रार्थना और ईश्वर की कृपा प्राप्त कर ले तो वह स्थापित पैटर्न भी बदल सकता है। इसी संदर्भ में वे राहु को लेकर प्रचलित धारणाओं पर भी टिप्पणी करते हैं और कहते हैं कि राहु अपने आप किसी को अमीर या बड़े पद पर नहीं पहुंचाता, बल्कि वह केवल किसी लक्ष्य के प्रति तीव्र ऊर्जा और जुनून पैदा करता है।

टाइम्स नाउ नवभारत के ज्योतिषाचार्य अंकित अग्निहोत्री की ये पूरी बातचीत आप इस वीडियों में देख सकते हैं:

(नोट: इस आर्टिकल में व्यक्त दावे और भविष्यवाणियां बातचीत में शामिल ज्योतिषाचार्य अंकित अग्निहोत्री के हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन तथ्यों या राजनीतिक विश्लेषण का सत्यापन नहीं करता है।)

Dr Rama Solanki
डॉ रमा सोलंकीauthor

डॉ. रमा सोलंकी टीवी और डिजिटल मीडिया में 17 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाली वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण भूमिकाओं में कार्य किया है। वह प्रभावशाली स्टोरीटेलिंग और डिजिटल इनोवेशन के संयोजन के लिए जानी जाती हैं। वह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट्री और ऑडियंस-सेंट्रिक कंटेंट के निर्माण में विशेष दक्षता रखती हैं। डॉ. सोलंकी शासन, जवाबदेही और जनहित से जुड़े राजनीतिक व खोजी कार्यक्रमों के निर्माण और एंकरिंग के लिए भी पहचान रखती हैं। आध्यात्मिक कंटेंट प्रोडक्शन में विशेषज्ञता रखते हुए उन्होंने लोकप्रिय टीवी और डिजिटल सीरीज का निर्माण व निर्देशन किया है, जिन्हें दर्शकों से व्यापक सराहना मिली। डिजिटल मीडिया में पीएचडी धारक डॉ. रमा सोलंकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कथाओं को आधुनिक प्रस्तुति और समकालीन संदर्भों से जोड़ने के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article