Chanakya Niti: हमेशा परेशान क्यों रहते हैं सरल स्वभाव वाले लोग? आचार्य चाणक्य ने बताई है ये वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 5, 2021, 06:15 AM IST

चाणक्य नीति में आचार्य चाणक्य ने जिंदगी में सुख और शांति के लिए सुविचारों का संकलन किया है। इसमें सरल स्वभाव वाले लोगों के लिए भी कुछ बातें कही गई हैं।

Chanakya Niti: हमेशा परेशान क्यों रहते हैं सरल स्वभाव वाले लोग? आचार्य चाणक्य ने बताई है ये वजह

Chanakya Niti about simple nature People: कौटिल्य या आचार्य चाणक्य की बताई नीतियां और विचार भले ही थोड़े कठोर लगते हों लेकिन ये कठोरता ही जीवन की सच्चाई है और इसी व्यवहारिकता की वजह से इनकी आज भी चर्चा होती है। भागदौड़ भरी जिंदगी में हम इन विचारों को भले नजरअंदाज करें लेकिन ये वचन जीवन की हर कसौटी पर आपकी मदद करते नजर आएंगे।

आचार्य चाणक्य के इन्हीं विचारों में से एक विचार सरल स्वभाव वाले लोगों पर है जिसका हम विश्लेषण कर रहे हैं। कौटिल्य ने बताया है कि क्यों सरल स्वभाव वाले लोग हमेशा परेशान बने रहते हैं।

नात्यन्तं सरलेन भाव्यं गत्वा पश्य वनस्थलीम्,
छिद्यन्ते सरलास्तत्र कुब्जास्तिष्ठन्ति पादपाः।।

चाणक्य के इस सूत्र के अनुसार जो लोग सीधे-साधे होते हैं या फिर जिनका स्वभाव सरल होता है उन्हें नुकसान झेलना पड़ सकता है। आचार्य कौटिल्य के अनुसार इस स्वभाव को बदला जाना चाहिए। उदाहरण देते हुए चाणक्य कहते हैं कि जंगल में उन्हीं पेड़ों को सबसे पहले काटा जाता है जो सीधे होते हैं क्योंकि ऐसे लोगों या पेड़ों में लोगों को अपना उपयोग सिद्ध होता नजर आने लगता है।

श्लोक में चाणक्य यही समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि किसी चीज की बहुत अति करना अच्छा नहीं होता। बहुत ज्यादा सीधा, सरल और सहज स्वभाव हो तो आपको इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। आपके स्वभाव के कारण कई बार लोग फायदा उठा सकते हैं और आपके लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

सीधे व्यक्तियों को अक्सर ऐसी गलतियों की सजा भी भुगतनी पड़ती है, जो उन्होंने अक्सर की ही नहीं होती हैं। इन कारणों से ना सिर्फ व्यक्ति को बल्कि परिवार के लोगों को भी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है। व्यक्ति को स्वभाव से तेज और चतुर होना आवश्यक होता है और स्वभाव ऐसा होना चाहिए कि आप अपनी सुरक्षा भी कर सकें।

End of Article