Mulank 3 Ank Jyotish Rashifal 2026: जिस भी व्यक्ति का जन्म किसी भी वर्ष तथा किसी भी माह की 3, 12, 21 या 30 तारीख को हुआ होता है। उनका जन्मांक या मूलांक 3 होता है। अंक 3 के स्वामी गुरु ग्रह हैं। गुरु ज्ञान, धर्म और आध्यात्मिकता के कारक ग्रह हैं। चंद्रमा, सूर्य और मंगल इनके मित्र ग्रह हैं। पुखराज अंक 3 का शुभ रत्न है।
जन्मांक 3 वाले शिक्षा, मीडिया, प्रबंधन, विधि और प्रशासन के फील्ड में बहुत सफल होते हैं। गुरु आध्यात्मिक ग्रह है, इसलिए इस जन्मांक के व्यक्ति का भाग्योदय अक्सर किसी धार्मिक गुरु के आशीर्वाद से होता है। साल 2026 का प्रभावी अंक 1 है, जो सूर्य का है। यह साल आपके लिए पूरे वर्ष खुशी, सफलता और उन्नति का रहेगा। आइए जानते हैं कि जीवन के विभिन्न पहलुओं पर साल 2026 आपके लिए कैसा रहने वाला है?
साल 2026 जन्मांक 3 वालों की नौकरी और करियर के लिए कैसा रहेगा?
यह साल व्यवसाय के लिए बहुत शानदार रहेगा। रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन और आईटी फील्ड में मार्च से सितंबर तक सफलता मिलेगी। फिल्म, आईटी और मैनेजमेंट जॉब वाले लोगों के लिए अप्रैल से नवंबर तक विदेश जाने के योग बन सकते हैं। पदोन्नति या जॉब चेंज के अवसर मिलेंगे। रुका धन आएगा। कुल मिलाकर करियर में प्रगति और प्रशंसा होगी।
साल 2026 में जन्मांक 3 वालों का स्वास्थ्य कैसा रहेगा?
इस साल आपका स्वास्थ्य मार्च और अगस्त को छोड़कर बाकी महीनों में बहुत अच्छा रहेगा। बीपी, यूरिन, लिवर की समस्या या साइनस हो सकती है। 17 फरवरी से 11 अप्रैल तक श्वास और साइनस के मरीज सावधानी रखें। बीपी और शुगर वाले जनवरी-जून में अलर्ट रहें। नेत्र रोग वाले सूर्य की पूजा करें। कुल मिलाकर स्वास्थ्य ठीक-ठाक रहेगा, कोई विशेष परेशानी नहीं आएगी।
साल 2026 जन्मांक 3 वालों की लव और मैरिड लाइफ के लिए कैसा रहेगा?
लव लाइफ भी इस साल बहुत बेहतर रहेगी। 18 फरवरी के बाद विवाह के संयोग बनेंगे। जनवरी और मई में लव लाइफ को संभालकर रखें। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। 11 जनवरी से 20 फरवरी तक थोड़ा तनाव हो सकता है। जीवनसाथी के साथ सुंदर यात्राएं होंगी। कुल मिलाकर लव और दाम्पत्य के लिए सुख का साल साबित होगा।
साल 2026 में जन्मांक 3 वालों की आर्थिक स्थिति कैसी रहेगी?
मार्च के बाद आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। वाहन, ज्वेलरी, शेयर, मकान और रियल एस्टेट में निवेश करेंगे। 11 मार्च के बाद धन आने के शानदार रास्ते खुलेंगे। जमीन या मकान खरीदने के योग हैं। मई, जून, अगस्त, सितंबर और दिसंबर में वाहन खरीद सकते हैं। कुल मिलाकर आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी।
साल 2026 में जन्मांक 3 वालों के लिए शुभ समय
फरवरी, 16 मार्च से 29 नवंबर तक का समय बेहतर है। 11 फरवरी तक आर्थिक दृष्टि से ठीक नहीं है, उसके बाद शुभ रहेगा। 11 मार्च से 22 जून तक पैतृक संपत्ति का लाभ मिलेगा। संतान की उन्नति के लिए साल बहुत सुंदर है। मार्च से जून तक विदेश यात्रा और लाभ के योग हैं।
साल 2026 में जन्मांक 3 वालों के लिए उपाय
हर दिन भगवान विष्णु के नाम का जप करें। शनिवार को सुंदरकांड और गुरुवार को विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। हल्दी-दूध का प्रयोग करें। सात अन्न दान करें। गुरु और मंगल के बीज मंत्र जपें। श्री कृष्ण उपासना करें। विष्णु मंदिर में 4 परिक्रमा करें। मंगलवार को गेहूं-गुड़ दान करें। पक्षियों को दाना-पानी दें। रामचरितमानस का नियमित पाठ करें। माता-पिता और बड़े भाई का चरण स्पर्श करें। पवित्र नदियों में स्नान करें। सूर्य की उपासना और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी अंकज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
