Surya Grahan 2025: जनवरी में कोई सूर्य ग्रहण नहीं लग रहा है। इस साल का पहला सूर्य ग्रहण 29 मार्च को लगेगा तो वहीं दूसरा सूर्य ग्रहण 21-22 सितंबर को लगेगा। धार्मिक मान्यताओं अनुसार सूर्य को ग्रहण लगना अशुभ माना जाता है। इसलिए इस दौरान किसी भी तरह के शुभ कार्यों को करने पर पाबंदी लग जाती है। कहते हैं सूर्य ग्रहण के दौरान किए गए मांगलिक कार्य असफल हो जाते हैं। चलिए आपको बताते हैं साल 2025 में लगने वाले दोनों सूर्य ग्रहण के बारे में कुछ महत्वपूर्ण बातें।
पहला सूर्य ग्रहण 2025
साल 2025 का पहला सूर्य ग्रहण 29 मार्च 2025 को यानी चैत्र कृष्ण पक्ष की अमावस्या के दिन लगेगा। ये खंडग्रास सूर्य ग्रहण होगा। ग्रहण की शुरुआत 29 मार्च की दोपहर 02:21 बजे से होगी और समाप्ति सायंकाल 06:14 बजे होगी। यह सूर्य ग्रहण मीन राशि और उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र में लगेगा। इसलिए इस राशि और नक्षत्र के लोगों पर इस ग्रहण का सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ेगा।
दूसरा सूर्य ग्रहण 2025
साल 2025 का दूसरा सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को लगेगा। ये सूर्य ग्रहण आश्विन अमावस्या के दिन कन्या राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में लगने जा रहा है। ग्रहण की शुरुआत 21 सितंबर की रात 11 बजे से होगी और समाप्ति देर रात 3 बजकर 23 मिनट पर होगी। साल 2025 का दूसरा सूर्य ग्रहण भी एक खंडग्रास सूर्य ग्रहण होगा।
