Ranchi Chain Snatching: रांची में ये महिलाएं ज्यादा हो रहीं चेन स्नैचर्स की शिकार, पकड़े गए बदमाशों ने बताइए वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 29, 2022, 07:00 PM IST

Ranchi Police: रांची में हाल के महीनों में चेन स्नेचिंग की घटनाओं में जबरदस्त इजाफा हुआ है। कुछ मामलों में चेन स्नेचर पकड़े भी गए हैं। इसी हफ्ते एक महिला ने चेन स्नेचर के बाइक नंबर नोट करके थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद स्नेचर गिरफ्तार कर लिया गया था। अब गिरफ्तार एक और स्नेचर ने उन महिलाओं की जानकारी दी है, जो उन जैसे लोगों का टारगेट होते हैं।

Ranchi Chain Snatching: रांची में ये महिलाएं ज्यादा हो रहीं चेन स्नैचर्स की शिकार, पकड़े गए बदमाशों ने बताइए वजह
Photo Credit: Representative Image

Crime in Ranchi: कोतवाली पुलिस ने  शहर में चेन स्नेचिंग का गिरोह चलाने वाले सरगना को गिरफ्तार किया है। इसका नाम इरफान है। यह पिठोरिया के कनादु का मूलरूप से निवासी है। इन दिनों इरफान हिंदपीढ़ी स्थित मोती मस्जिद के पास रह रहा था। इसने चेन स्नेचिंग गिरोह चलाने की बात कबूल कर ली है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका गिरोह 40 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को टारगेट पर रखता है। 

इसकी वजह है कि यह महिलाएं सड़क या बाजार में बहुत अधिक चौकन्ना नहीं रहती हैं। इसके साथ ही चेन स्नेचिंग करने पर यह दौड़ कर बदमाश का पीछा करने में असक्षम होती हैं। इसके विपरीत 40 से कम उम्र की महिलाएं सड़क पर ज्यादातर सावधान रहती हैं। ऐसे में बदमाशों को पकड़े जाने का डर बना रहता है। 

यहां दी जाती है चेन स्नेचिंग की ट्रेनिंग

इरफान ने पुलिस को बताया कि चेन स्नेचिंग की ट्रेनिंग युवाओं को कनादु स्थित सुनसान रोड पर दी जाती है। इस ट्रेनिंग के दौरान इस चीज की विशेष हिदायत दी जाती है कि स्नेचिंग करने के दौरान किसी भी परिस्थिति में महिला को गंभीर चोट नहीं आए। अब पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द ही अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 

गिरोह में दूसरे नंबर पर है आर्यन

इरफान के बाद गिरोह में आर्यन का स्थान है। यह चेन स्नेचिंग की जगह और समय को तय करता है। इसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही गिरोह के अन्य सदस्य चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देते हैं। जगह और समय निर्धारित कर लेने के बाद आर्यन उस जगह की खुद कई बार रेकी करता है। पुलिस या पब्लिक से कोई खतरा नहीं होने से आश्वस्त होने पर ही गिरोह के सदस्य को घटना को अंजाम देने की जानकारी देता है। चेन स्नेचिंग के दौरान वह खुद भी घटनास्थल के आसपास मौजूद रहता है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!