Ranchi Railway: रांची के रेल यात्रियों को मिली दोहरी सौगात, हटिया-सांकी फिर से चलेगी, रांची-चोपान में लगेगी एसी चेयरकार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 20, 2022, 03:21 PM IST

Ranchi Rail Division: रांची रेल डिवीजन के यात्रियों के लिए बेहद अच्छी खबर है। रेलवे ने एक साथ यहां के यात्रियों को दो बड़ी सौगात दी है। कोरोना काल में बंद हुई हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन फिर से परिचालित की जाएगी। दूसरी ओर रांची-चोपन ट्रेन में एसी चेयरकार लगाई जा रही है।

Ranchi Railway: रांची के रेल यात्रियों को मिली दोहरी सौगात, हटिया-सांकी फिर से चलेगी, रांची-चोपान में लगेगी एसी चेयरकार
Photo Credit: Twitter

Ranchi Rail Division: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए सुकून देने वाली खबर है। हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन के परिचालन को लेकर धनबाद मंडल की अनापत्ति एवं मुख्यालय से मंजूरी मिलने का इंतजार है। डीआरएम ने बताया कि दक्षिण-पूर्व रेल मुख्यालय, गार्डेनरीच को प्रस्ताव भेजा गया है। बता दें पहले इस ट्रेन को 20 जून से ही परिचालित किए जाने की घोषणा हुई थी। ट्रेन की समय सारणी तक जारी कर दी गई थी, लेकिन धनबाद रेल मंडल से सहमति नहीं मिलने की वजह से उक्त तिथि से ट्रेन का परिचालन नहीं किया जा सका। 

डीआरएम प्रदीप गुप्ता का कहना है कि ट्रेन का परिचालन शुरू करने के लिए हमारे स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। रेल लाइन जल्द ही बरकाकाना से भी जुड़ जाएगी। इसके बाद रांची-नई दिल्ली राजधानी ट्रेन को इस लाइन पर चलाए जाने की योजना है। इसका प्रस्ताव भी मुख्यालय को दिया हुआ है। इस लाइन पर यह ट्रेन चलने से यात्रियों के दो से तीन घंटे के समय की बचत होगी। 

हर दिन चलेगी दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेन

रेलवे की नई समय सारणी के मुताबिक हर सुबह 6:55 बजे हटिया-सांकी पैसेंजर ट्रेन हटिया से खुलेगी। यह ट्रेन रांची, नामकुम, टाटीसिलवे, मेसरा हंदुर हॉल्ट, झंझीटोली होकर सुबह 8.50 बजे सांकी पहुंचेगी। सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन सांकी से सुबह 10 बजे खुलेगी और दोपहर 12.10 बजे हटिया पहुंच जाएगी। इधर, हटिया-सांकी पैसेंजर ट्रेन हटिया से शाम 6.30 बजे रवाना होकर रात 8.20 बजे सांकी पहुंचेगी। वापसी में सांकी-हटिया पैसेंजर सांकी से रात 8.55 बजे खुलेगी और रात 10:50 बजे हटिया पहुंचेगी। 

रांची-चोपन में लगेगी पहली एसी चेयरकार

रांची-चोपस-रांची एक्सप्रेस में पहली बार एसी चेयरकार लगाई जाएगी। यह ट्रेन हफ्ते में तीन दिन लोहरदगा होकर चलती है। डीआरएम प्रदीप गुप्ता का कहना है कि ट्रेन में यह सुविधा तीन महीने के लिए बहाल की जा रही है। प्रदीप ने बताया कि इस ट्रेन का परिचालन हफ्ते में छह दिन अलग-अलग रूटों पर किया जा रहा है। ट्रेन तीन दिन बरकाकाना होकर चलती है। जबकि तीन दिन लोहरदगा होकर चलती है। रांची से चोपन के बीच इस ट्रेन से हर दिन एक हजार से अधिक लोग यात्रा करते हैं। इसमें अधिकतर यात्री लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा और पलामू के होते हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!