राजस्थान

जयपुर हिट-एंड-रन: विधानसभा भवन के पास हुए हादसे में बड़ा खुलासा, प्रिया चौधरी के नाम थार रजिस्टर्ड, बेटी भव्या कर रही थी ड्राइविंग

राजस्थान विधानसभा भवन के पास हुए हिट-एंड-रन मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। रेड थार प्रिया चौधरी के नाम रजिस्टर्ड निकली और हादसे के वक्त उनकी बेटी भव्या चौधरी गाड़ी चला रही थी। पुलिस ने थार जब्त कर ली है और जल्द आरोपी चालक को डिटेन किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार सबूत जुटा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी।

Image

जयपुर: विधानसभा भवन के पास हुए हादसे में बड़ा खुलासा

जयपुर। राजस्थान विधानसभा भवन से कुछ ही दूरी पर मंगलवार देर रात हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस जांच ने बड़ा मोड़ ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में दी गई जानकारी गलत साबित हुई है। बताया जा रहा था कि हादसे में शामिल रेड थार किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई थी, लेकिन सत्य इससे बिल्कुल अलग निकला।

'प्रिया चौधरी के नाम रजिस्टर्ड थार, बेटी चला रही थी गाड़ी'

पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल रेड थार एसयूवी प्रिया चौधरी के नाम पर रजिस्टर्ड है। मौके से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि घटना की रात वाहन उनकी बेटी भव्या चौधरी (18) चला रही थी। पहले दिया गया वाहन बिक्री का इनपुट केवल भ्रम साबित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित लोगों से दोबारा पूछताछ की और सत्य उजागर हुआ।

'वाहन जब्त, आरोपी चालक पर कार्रवाई की तैयारी'

पुलिस ने रेड थार को जब्त कर लिया है और अब आरोपी चालक भव्या चौधरी(18) को जल्द डिटेन करने की तैयारी की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता और हाई-प्रोफाइल होने के चलते पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

'एक युवक की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल'

इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि साथ बैठी युवती का पैर फ्रेक्चर हुआ था और वो गंभीर रूप से घायल है। दोनों को देर रात टक्कर मारकर वाहन मौके से फरार हो गया था।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार सबूत जुटा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को भी डिटेन कर लिया जाएगा। लेकिन जयपुर शहर में राजस्थान विधानसभा से महज़ 400 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मॉनिटरिंग पर भी नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article