राजस्थान

Ajmer News: ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी; ईमेल में लिखा-पुतिन के आते ही विस्फोट हो जाएगा

अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और सारा प्रशासनिक अमला अलर्ट पर आ गया है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति को बेहद गंभीर मानकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। फिलहाल अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

Jaipur News

अजमेर शरीफ को बम से उड़ाने की धमकी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter

अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरे ईमेल में दरगाह को आरडीएक्स और आईईडी से उड़ाने की बात कही गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि दरगाह परिसर में चार जगह विस्फोटक लगाया गया है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड आ गईं। अजमेर पुलिस ने तुरंत दरगाह परिसर को खाली करवा दिया।

ईमेल में क्या लिखा है?

कलेक्ट्रेट को मिले ईमेल में लिखा गया है कि अजमेर कुडनकुलम परमाणु संयंत्र, कलेक्टर कार्यालय और दरगाह गरीब नवाज में चार जगहों पर आरडीएक्स और आईईडी लगाए गए हैं। ईमेल में रूसी राष्ट्रपति पुतिन का भी जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि पुतिन के भारत आते ही विस्फोट हो जाएगा।

खाली कराई गई दरगाह

पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम मेटल डिटेक्टर व डॉग स्क्वॉड के जरिए सर्च करने में जुटी है। कलेक्ट्रेट परिसर के विभागों में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकाल कर चेक किया गया। दरगाह परिसर को भी खाली करवाया गया। चार थानों की पुलिस, सीआईडी और एटीएस की टीम सर्च ऑपरेशन कर रही हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजमेर की एसपी वंदिता राणा ने बम की धमकी को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट को मिले धमकी भरे ईमेल में दरगाह और कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद सुरक्षा दलों को अलर्ट कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट और दरगाह की जांच की जा रही है। परिसर को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है। अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि धमकी के स्त्रोत और मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम काम कर रही है।

मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी

धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और इंटेलिजेंस विभाग ने दरगाह के अंदरूनी और बाहरी इलाकों में मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की। डॉग स्क्वॉड को हर संवेदनशील पॉइंट पर लगाया गया है। दरगाह के गलियारों, छतों, स्टोर्स, वजूखाने और निकटवर्ती बाजारों में भी जांच अभियान चलाया। फिलहाल अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां स्थिति को बेहद गंभीर मानकर सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।

धमकी के पीछे किसका हाथ? जांच जारी

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी किसी संगठन ने दी है या किसी शरारती तत्व ने। हालांकि, धमकी में अंतरराष्ट्रीय संदर्भ जोड़ने से सुरक्षा एजेंसियां इसे हाई-प्रायोरिटी केस मानकर जांच कर रही हैं। साइबर एक्सपर्ट मेल सर्वर, IP एड्रेस और टेक्निकल डेटा का विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके।

अजमेर सतर्क, सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी

अजमेर दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी कोई साधारण मामला नहीं है। यह देश के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और अधिकारी मामले को अत्यंत गंभीरता से देख रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।

लखवीर सिंह शेखावत
लखवीर सिंह शेखावत author

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में टाइम्स नाउ में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान ... और देखें

End of Article