टीवी का रिमोट तो आप सभी लोगों ने देखा होगा। अगर कभी आपने गौर किया हो तो आपने देखा होगा कि रिमोट के सिरहाने पर एक छोटी सी लाल रंग की LED लाइट लगी होती है। ये जो लाइट होती है, वह कभी हमें जलती हुई भी नहीं दिखती तो फिर भला इस लाइट का टीवी रिमोट में क्या काम होता है? आइए आज इसी बारे में जान लेते हैं।
रिमोट के सामने लगी यह छोटी-सी LED कोई सामान्य लाइट नहीं होती। यह इन्फ्रारेड (Infrared) LED होती है। इन्फ्रारेड एक ऐसी रोशनी है जिसे इंसानी आंखें नहीं देख सकतीं। जब आप रिमोट का कोई बटन दबाते हैं, तब यह LED बहुत तेजी से इन्फ्रारेड किरणें भेजती है।
यही किरणें टीवी, एसी या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तक पहुंचती हैं और उन्हें बताती हैं कि उन्हें कौन-सा काम करना है। यानी चैनल बदलना, आवाज बढ़ाना या टीवी बंद करना। ये सभी कमांड इसी इन्फ्रारेड सिग्नल के जरिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भेजी जाती हैं।
इसका जवाब यह है कि हमारी आंखें इन्फ्रारेड रोशनी नहीं देख सकतीं। इंसान की आंखें केवल एक कुछ ही रोशनियों को देख सकती हैं, जिसे विजिबल लाइट (Visible Light) कहा जाता है, लेकिन इन्फ्रारेड किरणों को हम खुली आंखों से नहीं देख सकते।
इसी वजह से जब रिमोट काम कर रहा होता है, तब भी उसकी LED हमें बंद ही दिखाई देती है, जबकि वह लगातार सिग्नल भेज रही होती है। ऐसे में अगर आपको पता करना हो कि लाइट सही तरीके से काम कर रही या नहीं, उसके लिए हम आपको एक तरीका बताते हैं।
अगर आपको लगता है कि आपका रिमोट काम नहीं कर रहा, तो एक आसान तरीका है। अपने मोबाइल का कैमरा खोलिए और कैमरे की तरफ रिमोट का अगला हिस्सा रखकर कोई भी बटन दबाइए।
अगर रिमोट सही काम कर रहा होगा, तो मोबाइल की स्क्रीन पर LED से बैंगनी, गुलाबी या सफेद चमकती हुई रोशनी दिखाई देगी। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि मोबाइल कैमरे का सेंसर इन्फ्रारेड किरणों को पहचान सकता है, जबकि हमारी आंखें उन्हें नहीं देख पातीं।