आपने कई लोगों के मुंह से सुना होगा कि आज के जमाने में कबाड़ ही असली खजाना है। लोग ऐसा क्यों कहते हैं आज हम आपको इस बात का एक सटीक उदाहरण बताते हैं।
दरअसल, इंडोनेशिया के एक शख्स ने कबाड़ हो चुके एक प्लेन को खरीदकर उसे एक शानदार प्राइवेट जेट विला यानी एक लग्जरी होटल में बदल दिया। शख्स के इस अनोखी आइडिया ने उसे मालामाल बना दिया।
कबाड़ हुए प्लेन से लग्जरी होटल में तबदील इस आलीशान जेट विला को बाली के मशहूर न्यांग बीच के पास 500 फीट ऊंची पहाड़ी पर बनाया गया है। जहां समय बिताने के लिए अधिकतर अमीर लोग ही आते हैं।
असल में यह जेट विला काफी महंगा है और यहां एक रात ठहरने की कीमत कम से कम 6 लाख रुपए है। इस अनोखे जेट विला से बाली का समुद्र और शानदार नेचर व्यू देखने को मिलता है।
होटल में तबदील हो चुका यह जेट विला पहले Boeing 737 हवाई जहाज हुआ करता था। जो इंडोनेशिया के मंडाला एयरलाइन्स का हिस्सा भी रह चुका है।
जब यह प्लेन पूरी तरह खराब हो गया और कबाड़ हो गया तब इसे बाली के एक बिजनेसमैन फेलिक्स डेमिन ने खरीद लिया। इसके बाद इस प्लेन को उन्होंने क्रेन की मदद से पहाड़ी पर पहुंचाया और फिर इसे असेंबल कर एक शानदार प्राइवेट जेट विला में बदल डाला।
इस अनोखे और शानदार प्राइवेट जेट विला में दो लग्जरी रूम, किचन, प्राइवेट बार और एक स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।