इस धरती पर रहने वाले हर एक जीव की अपनी खासियत है। कई जीव-जंतु और पक्षी-जानवर अपनी अलग पहचान की वजह से ही जाने जाते हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही अनोखे पक्षी के बारे में बताने जा रहे हैं। जो आसमान में उड़ता कम और जमीन पर दौड़ता ज्यादा है।
जी हां! यह पक्षी जमीन पर अपनी तेज दौड़ने की क्षमता की वजह से ही जाना जाता है। इसकी तेज स्पीड वाली दौड़ को देखते हुए ही लोग इसे रेगिस्तान का बुलेट ट्रेन भी कहते हैं। यह रेगिस्तान में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है।
हम जिस पक्षी की बात कर रहे हैं उसका नाम है रोड रनर, इसका असली नाम ग्रेटर रोड रनर है। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है कि यह पक्षी दौड़ने में बहुत माहिर है। रेगिस्तान में इसकी रफ्तार बिजली की तरह होती है।
इसकी एक और खासियत यह है कि दौड़ने के समय वह किसी भी वक्त अपनी दिशा बदलकर शिकारियों को चकमा दे देता है और अपनी जान बचाकर भाग निकलता है। इसे अक्सर लोमड़ियों से खुद को बचाते हुए देखा जाता है।
ज्यादातर यह पक्षी अमेरिका और मेक्सिको के रेगिस्तानी इलाकों में पाया जाता है। यह पक्षी सूखे और गर्म क्षेत्रों में ही रहना पसंद करता है। इसका शरीर कुछ ऐसा होता है कि वह गर्मी को आसानी से झेल लेता है।
यह अक्सर जमीन पर ही रहता है और बहुत ही कम उड़ता है। जब भी इसे खतरा महसूस होता है तो यह उड़ने के बजाय तेजी से दौड़ते हुए ही अपनी जान बचाता है। यह बहुत ही फुर्तीला और तेज होता है।
बता दें कि यह पक्षी एक मांसाहारी पक्षी है। जो खाने में छोटे-छोटे जीव जैसे छिपकली, कीड़े-मकोड़े, छोटे सांप और कभी-कभी चूहे भी खा जाता है। मगर इनका सबसे पसंदीदा खाना जहरीला सांप ही होता है।