भारतीय रेलवे ट्रेन चलने से तीन महीने पहले ट्रेन टिकट बुकिंग खोल देता है। यदि आप कन्फर्म टिकट पाने में चूक जाएं तो अंतिम समय पर रेलवे तत्काल कोटा ऑफर करता है, जो ट्रेन चलने के एक दिन पहले खुलता है।
हालाँकि, यहाँ भी सभी को कन्फर्म टिकट नहीं मिलता। ऐसे मामलों में, IRCTC का "करंट टिकट सिस्टम" काम आ सकता है। ये सिस्टम आपको चार्ट तैयार होने के बाद भी टिकट बुक करने की सुविधा देगा।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अनुसार "करंट बुकिंग का मतलब चार्ट बनने के बाद खाली जगह के लिए बुकिंग करना है।" बता दें कि किसी भी ट्रेन का चार्ट उस ट्रेन के चलने के 4 घंटे पहले तैयार होता है।
उस चार्ट के बनने के साढ़े 3 घंटे बाद तक आप करंट टिकट बुक कर सकते हैं। यानी कोई ट्रेन अगर शाम को 5 बजे चलेगी, तो उसका चार्ट दोपहर 1 बजे बनेगा। तो आप 1 बजे से 4.30 बजे तक करंट टिकट बुक कर सकते हैं।
IRCTC के ऐप के जरिए करंट टिकट बुक करने के लिए ऐप में लॉग इन करें और डेस्टिनेशन दर्ज करें। आप करंट टिकट बुक कर रहे हैं, इसलिए यात्रा की तारीख बुकिंग की तारीख होनी चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर आपको 26 फरवरी, 2025 के लिए टिकट चाहिए, तो यात्रा की तारीख भी उसी के अनुसार दर्ज की जानी चाहिए।
दी गई तारीख को रूट पर उपलब्ध ट्रेनों की लिस्ट डिस्प्ले की जाएगी। मनचाही क्लास या कम्पार्टमेंट चुनें और फिर टिकट CURR_AVBL के रूप में दिखाए जाएँगे। ये ऑप्शन केवल तब ही आएगा, अगर कोई करंट टिकट उपलब्ध होगा।