मशहूर फ्रांसीसी ट्रैवल ब्लॉगर विक्टर ब्लाहो जब मुंबई में ट्रेन में सवार हुए, तो उन्हें रोमांच की उम्मीद थी। इस यात्रा के दौरान अन्य विदेशी नागरिकों की तरह, उन्हें भी लगा कि ट्रेन में यात्रा करना मजेदार होगा। लेकिन उन्हें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि यह अनुभव उन्हें बुरी तरह से तोड़ देगा।
इस यात्रा के बाद भावनात्मक रूप से वह इतने थक गए कि सार्वजनिक रूप से कह उठे कि मैं बस घर जाना चाहता हूं। विक्टर ब्लाहो ने यूट्यूब पर भारत में 46 घंटे की ट्रेन यात्रा का वीडियो पोस्ट किया है जिसका टाइटल है- इसने मुझे तोड़ दिया।
मुंबई से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान वाराणसी और आगरा में रुकना भी शामिल था। रोमांच की उम्मीद में वो ट्रेन में बैठे थे लेकिन, इसके विपरीत उन्हें रातों की नींद गायब होना, तंग जगहों पर समय बिताना और गहरी बेचैनी के क्षणों का सामना करना पड़ा।
46 घंटे की यात्रा के दौरान उन्हें ब्लॉग में कहते सुना गया कि वहां शोर है, गंदगी है, और लगातार अराजकता है। मैं बस घर जाना चाहता हूं। पूरी यात्रा के दौरान, ब्लाहो ने स्लीपर क्लास और थर्ड एसी डिब्बों में यात्रा की थी।
'मैं सो नहीं पाया। मैं डरा हुआ था और बदबू दम घोंटने वाली थी।' उन्होंने कूड़े से भरे फर्श की क्लिप और गलियारे में चूहे के भागते हुए दृश्य और उसके बाद कॉकरोच के दृश्य को भी वीडियो में शेयर किया। उन्होंने वीडियो में ये भी बताया कि एक सह-यात्री ने उनपर लंबी बातचीत करने का जोर दिया यहां तक कि उन्हें दो महिलाओं के साथ वीडियो कॉल पर बात करने के लिए भी मजबूर किया गया।
सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। ऑनलाइन कई तरह की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। कुछ लोगों ने सहानुभूति व्यक्त करते हुए माना कि इतनी लंबी यात्रा विदेशी यात्रियों को तो छोड़िए स्थानीय लोगों के लिए भी कठिन हो सकती है।