एशिया कप 28 सितंबर को समाप्त हो गया था, जब भारतीय क्रिकेट टीम दुबई में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान करारी शिकस्त देकर चैंपियन बनी थी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम एक महीने के अंदर तीन बार टीम इंडिया से हारी जिसके बाद पीसीबी और एसीसी प्रमुख व पाकिस्तान में मंत्री मोहसिन नकवी इतना बौखलाए कि ट्रॉफी लेकर भाग गए। अब कौन सी ट्रॉफी कहां है, इसका ताजा खुलासा आपके सामने करने जा रहे हैं।
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच के बाद टीम इंडिया विजयी रही थी। जब अवॉर्ड समारोह की बारी आई तो टीम इंडिया ने पाकिस्तान के विरोध में एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। नकवी भी ऐसी जिद्द पर अड़े की ट्रॉफी ही वहां से गायब करवा दी और टीम इंडिया बस खड़ी होकर देखती रह गई।
भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार बल्लेबाज और एशिया कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत के स्टार रहे तिलक वर्मा ने एक ताजा इंटरव्यू में बताया है कि कैसे उनकी टीम को तकरीबन एक घंटे तक मैदान पर इंतजार कराया गया और कुछ देर बाद बताया गया कि अवॉर्ड सेरेमनी समाप्त कर दी गई है। सभी खिलाड़ी स्तब्ध रह गए थे।
भारतीय खिलाड़ियों को ट्रॉफी तो दूर, उनके विनर मेडल भी नहीं दिए गए। कुछ समय बाद पता चलता है कि मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी मंच से हटवाकर स्टेडियम से बाहर पहुंचा दी है। कहां, किसी को पता नहीं था।
आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट में दो प्रकार की ट्रॉफी होती हैं, एक जो ऑरिजिनल ट्रॉफी होती है जिसे सिर्फ प्रदर्शित किया जाता है लेकिन विजेता टीम उसे साथ नहीं ले सकती। वहीं दूसरी ट्रॉफी होती है रेप्लिका, यानी हूबहू असली ट्रॉफी से मिलती-जुलती ट्रॉफी, जिसे विजेता टीम अपने साथ ले जा सकती है। असली ट्रॉफी आईसीसी या फिर टूर्नामेंट के आयोजक के दफ्तर में ही रहती है।
ताजा खुलासा हुआ है कि असली एशिया कप ट्रॉफी इस समय दुबई स्थित एशियन क्रिकेट काउंसिल के दफ्तर में रखी हुई है। हालांकि इस ट्रॉफी को वैसे भी भारतीय टीम को सौंपा नहीं जाना था। तो आखिर वो रेप्लिक ट्रॉफी कहां जिसे विजेता टीम इंडिया को अपने साथ वापस भारत लाना था।
मोहसिन नकवी ने इस हद तक गिर गए कि उन्होंने एशिया कप की रेप्लिका ट्रॉफी और भारतीय टीम के मेडल्स को यूएई के अबु धाबी में एक जगह पर लॉक करके रखा हुआ है। उसकी चाबी उनकी मर्जी के बिना किसी को भी ना देने के आदेश हैं।
गौरतलब है कि जब बीसीसीआई के कुछ अधिकारी यूएई में मोहसिन नकवी से इस मुद्दे पर बात करने पहुंचे थे तब उन्होंने साफ कर दिया था कि भारतीय कप्तान खुद आएं और ट्रॉफी ले जाएं। उसे भिजवाया नहीं जाएगा और ना किसी प्रतिनिधि को सौंपा जाएगा। इस बार बीसीसीआई अधिकारियों ने कहा कि ये तो आप फाइनल के बाद मंच पर भी किसी और सम्मानित गेस्ट के जरिए दे सकते थे, इस पर नकवी ने कोई जवाब देना सही नहीं समझा।