भारत और न्यूजीलैंड की टीमों का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में शानदार रहा है। कुछ खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। दोनों टीमें मैच विनर्स से भरी हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो खिताबी मुकाबले में अपने प्रदर्शन से हार जीत का अंतर पैदा कर सकते हैं। ऐसे में खिताबी जंग के आगाज से पहले उन खिलाड़ियों के बारे में जान लेना जरूरी है। (फोटो क्रेडिट T20 World Cup X)
ऐन मौके पर फॉर्म में वापसी करने वाले टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पर सबकी नजरें रविवार को फाइनल मुकाबले के दौरान होंगी। सैमसन ने लगातार दो मैच में दो बड़ी पारी खेलकर भारत को फाइनल तक लाने में अहम भूमिका अदा की है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 और इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन की पारी खेली। ऐसी ही पारी की उनसे टीम को फाइनल में उम्मीद है। सैमसन पहले ही अपन नाम टी20 वर्ल्ड कप की रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज करा चुके हैं। ऐसे में वो फाइनल में टीम को खिताबी जीत दिलाकर अपना नाम टी20 विश्व कप के इतिहास में अमर करना चाहेंगे। सैमसन विश्व कप में अबतक खेले 4 मैच की चार पारी में 77.33 के औसत और 201.73 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बना चुके हैं।
न्यूजीलैंड के आतिशी बल्लेबाज फिन ऐलन पर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में सबकी नजरें रहेंगी। जिस अंदाज में उन्होंने सेमीफाइनल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंद में नाबाद 100 रन की पारी खेलकर न्यूजीलैंड की फाइनल में एंट्री कराई उसे देखकर ऐलन को नजरअंदाज कर पाना किसी के लिए भी आसान नहीं होगा। मौजूदा विश्व कप में उन्होंने बेहद शानदार प्रदर्शन किया और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। खिताबी जंग में भी कीवी टीम चाहेगी की वो एक धमाकेदार पारी खेलकर टीम को पहली बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अपना योगदान दें। ऐलन अबतक विश्व कप में 8 मैच की 7 पारी में 2 बार नाबाद रहते हुए 57.80 के औसत और 203.52 के स्ट्राइक रेट से 289 रन बना चुके हैं।
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। हार्दिक पांड्या के अंदर गेंद और बल्ले दोनों से मैच का पासा अकेले दम पलटने की काबिलियत है। वो टूर्नामेंट में दो बार प्लेयर ऑफ द मैच चुने जा चुके हैं। ऐसे में कीवी टीम के खिलाफ वो नई गेंद के साथ टीम के लिए पारी का आगाज अर्शदीप के साथ करेंगे लेकिन उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बतौर फिनिशर होगी। टीम के लिए आखिरी ओवरों में रन बटोरने और लक्ष्य का पीछा करने में उनके आतिशी अंदाज की पारी की जरूरत टीम इंडिया को निश्चित तौर पर पड़ेगी। टी20 विश्व कप 2026 में हार्दिक अबतक 8 मैच की 8 पारी में 8 विकेट 31.87 के औसत और 8.79 की इकोनॉमी से चटका चुके हैं। वहीं बल्लेबाजी में इस दौरान उन्होंने 199 रन 28.42 के औसत और 163.11 की इकोनॉमी के साथ बनाए हैं। जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रविवार को टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में होंगी। सेंटनर टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से टूर्नामेंट में प्रभावी नजर आए हैं। उन्होंने कई बार बल्ले के साथ टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका अदा की है। सैंटनर ने टूर्नामेंट में खेले सात मैच की 4 पारी में 2 बार नाबाद रहते हुए 77 रन 38.50 के औसत और 157.14 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। लेकिन उनकी सधी हुई फिरकी गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकती है। भारत के खिलाफ सेंटनर बेहद प्रभावी रहते हैं वो अपने चार ओवर से मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं। भारतीय बल्लेबाजों का स्पिन के खिलाफ प्रदर्शन खराब रहा है। सेंटनर टूर्नामेंट में केवल 2 विकेट चटका सके हैं बावजूद इसके टीम इंडिया सामने वो अपनी फिरकी गेंदबाजी से परेशानी खड़ी कर सकते हैं।
टी20 विश्व कप 2026 फाइनल में जसप्रीत बुमराह की 4 ओवर गेंदबाजी की भूमिका बेहद अहम होने जा रही है। उनके प्रदर्शन को देखे बगैर हार जीत की भविष्यवाणी कर पाना बेहद मुश्किल काम है। बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में रनों की बारिश के बीच कसी हुई गेंदबाजी करके टीम इंडिया को जीत दिलाई और फाइनल में प्रवेश कराने में अहम भूमिका अदा की थी। टूर्नामेंट में बुमराह अबतक खेले 7 मैच की 7 पारी में 15.90 के औसत और 6.62 की इकोनॉमी के साथ कुल 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 15 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। टूर्नामेंट में 10 या उससे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों में उनकी इकोनॉमी सबसे कम है। ऐसे ही सटीक गेंदबाजी प्रदर्शन की टीम इंडिया को उनसे फाइनल में आशा है।