पिछले दो मैचों से मुंबई इंडियंस की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं हार्दिक पांड्या RCB के खिलाफ मुकाबले में टीम के साथ ट्रैवल करने के बाद भी प्लेइंग-11 में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद सवाल उठ रहा है कि क्या हार्दिक पांड्या और मुंबई के मैनेजमेंट के बीच सब सही चल रहा है?
इस सीजन मुंबई इंडियंस की परफॉर्मेंस बेहद खराब रही है। अब तक खेले गए 11 मैचों में सिर्फ 3 में उसे जीत नसीब हुई है। वहीं 8 मैचों में मुंबई को हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट टेबल में मुंबई 9वें नंबर पर है और आधिकारिक रूप से प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है।
तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पांड्या ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से MI के साथ की लगाई गई सारी फोटो हटा दी है। हार्दिक का इंस्टाग्राम अकाउंट देखने पर यही प्रतीत होता है क्योंकि उनकी टीम मुंबई के साथ हाल-फिलहाल की कोई फोटो नजर नहीं आ रही है।
कई रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा था कि हार्दिक पांड्या ने एक दिन पहले इंस्टाग्राम पर मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया था। हालांकि, बाद में फिर से फॉलो कर लिया था।
इसके बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या हार्दिक पांड्या को मुंबई मैनेजमेंट ने टीम से हमेशा के लिए निकाल दिया है। RCB के खिलाफ मैच में हार्दिक टीम के साथ रायपुर तो पहुंचे थे, लेकिन वह कहीं भी टीम के साथ नजर नहीं आए थे।
हार्दिक पंड्या को टीम से बाहर यह कहकर किया गया था कि उनकी पीठ में चोट है। हालांकि, अब आ रही खबरें तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। उनकी लीडरशिप में टीम का प्रदर्शन काफी ज्यादा खराब रहा। कहा यह भी जा रहा है कि वह मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तालमेल नहीं बिठा पाए।
हार्दिक पांड्या की वर्तमान स्थिति और फॉलो-अनफॉलो के खेल को लेकर सवाल तो तरह-तरह के उठ रहे हैं, लेकिन फिलहाल ना तो हार्दिक पांड्या की तरफ से और ना ही मुंबई फ्रेंचाइजी की तरफ से इस ड्रामे पर कोई आधिकारिक सफाई आई है। इससे क्रिकेट फैंस के बीच दोनों के फूट की अटकलें और तेज हो गई हैं।
इस सीजन जिस तरह मुंबई की हालत खराब है और टीम लगातार मैच हार रही है। वैसी दुर्गति इससे पहले टीम की कभी नहीं हुई है। पूरी टीम इस सीजन ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई। सवाल यह उठ रहा है कि क्या अगले सीजन मुंबई का कप्तान कोई और होगा?