भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। घरेलू टूर्नामेंट खेलने वाली खिलाड़ियों के मानदेय में ढाई गुना की बढ़ोतरी कर दी गई है।
टीम इंडिया द्वारा 2025 महिला विश्व कप का खिताब जीतने के बाद, बीसीसीआई ने अब जमीनी स्तर की खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है।
सीनियर महिला घरेलू मैचों में अब 'प्लेइंग इलेवन' को ₹20,000 के बजाय ₹50,000 प्रति दिन मिलेंगे। वहीं रिजर्व खिलाड़ियों को ₹25,000 प्रति दिन का भुगतान होगा।
बीसीसीआई ने भविष्य की प्रतिभाओं यानी जूनियर महिला क्रिकेटरों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा है। जूनियर महिला टूर्नामेंटों में खेलने वाली प्लेइंग इलेवन की खिलाड़ियों को अब प्रति दिन 25,000 रुपये मिलेंगे, जो पहले केवल 10,000 रुपये था। वहीं, जूनियर स्तर की रिजर्व खिलाड़ियों का वेतन 5,000 रुपये से बढ़ाकर 12,500 रुपये प्रति दिन कर दिया गया है। जूनियर टी20 मैचों के लिए प्लेइंग इलेवन को 12,500 रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों को 6,250 रुपये दिए जाएंगे। यह वृद्धि सुनिश्चित करती है कि जमीनी स्तर से ही लड़कियों को क्रिकेट के प्रति आर्थिक सुरक्षा का अहसास हो।
बीसीसीआई ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर्स के लिए पहले से ही सैलरी में इजाफे का ऐलान कर दिया था और मैच फीस को पुरुषों के बराबरी पर कर दिया है।
इस ऐलान के बाद अब बड़े अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जो कि केवल इंडिया के लिए खेलते हैं वे भी डोमेस्टिक मैच खेलने के लिए प्रोत्साहित हो जाएंगे।