अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया और जापान का सामना हुआ। नई नवेली टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने जमकर हमला बोला। ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अनुभवहीन जापानी गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। एक ने तो अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विश्व रिकॉर्ड तक बना दिया।
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज विल मलाजचुक ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया। विल मलाजचुक ने महज 51 गेंद में यह उपलब्धि हासिल करते हुए आईसीसी मेंस अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
जापान के खिलाफ 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मलाजचुक ने 55 गेंद में 102 रन बनाकर अपनी तूफानी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में ग्रुप-ए के मुकाबले में उनकी आक्रामक पारी ने डिफेंडिंग चैंपियन को मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण दिला दिया।
विल मलाजचुक की शानदार पारी में 12 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उन्होंने शुरुआत से ही रन बनाने के अवसरों का भरपूर फायदा उठाया। कमजोर जापान के गेंदबाजों की खूब खबर ली। इस शतकीय पारी के दौरान विल का स्ट्राइक रेट 185.45 रहा।
शीर्ष क्रम पर नितेश सैमुअल के साथ विल ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। जापान के गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करते हुए केवल 15.3 ओवरों में 135 रन बनाए। इससे पहले कि मलाजचुक एक बार फिर हवाई शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। नितेश 60 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले मैच में ह्यूगो केली की जुझारू पारी की बदौलत जापान ने 201/8 का स्कोर बनाया। ह्यूगो ने 135 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए नादेन कूरे ने 10 ओवर में 31 रन खर्च कर 3 विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 8 विकेट से अपने नाम किया।