बाल सुखाने के लिए आपने घर में कई तरह के हेयर ड्रायर देखे होंगे। कुछ छोटे होते हैं, तो कुछ थोड़े बड़े लेकिन क्या आपने कभी ऐसा हेयर ड्रायर देखा है, जिसका साइज किसी इंसान से भी बड़ा हो? ब्रिटेन की इंजीनियर रूथ एमोस (Ruth Amos) ने ऐसा ही एक अनोखा हेयर ड्रायर तैयार किया है, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा हेयर ड्रायर होने का रिकॉर्ड मिला है। इसका आकार और वजन जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
इस विशाल हेयर ड्रायर को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की 2027 की किताब में जगह मिली है। इसकी लंबाई 1.755 मीटर यानी करीब 5 फीट 9 इंच है, जबकि इसकी ऊंचाई 1.6 मीटर यानी करीब 5 फीट 3 इंच है। इतना ही नहीं, इसका वजन लगभग 80 किलोग्राम है। यानी यह कोई ऐसा हेयर ड्रायर नहीं है, जिसे आसानी से उठाकर एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सके।
इस अनोखे आविष्कार को ब्रिटेन की इंजीनियर रूथ एमोस ने तैयार किया है। वह यूट्यूब चैनल ‘Kids Invent Stuff’ से जुड़ी हैं। इस चैनल की खासियत है कि यहां बच्चों के अनोखे आइडिया को असली आविष्कार में बदलने की कोशिश की जाती है। बच्चे अक्सर ऐसी चीजें बनाने के बारे में सोचते हैं, जिन्हें देखकर बड़े भी हैरान रह जाएं।
‘Kids Invent Stuff’ की टीम बच्चों के इन्हीं विचारों को इंजीनियरिंग और तकनीक की मदद से हकीकत में बदलती है। दुनिया का सबसे बड़ा हेयर ड्रायर भी इसी सोच का नतीजा है। ऐसे में दो बच्चियों के आइडिया की वजह से ही आज दुनिया का सबसे बड़ा हेयर ड्रायर बन पाया।
इस कहानी की शुरुआत साल 2025 में हुई थी। उस समय ‘Kids Invent Stuff’ ने एक प्रतियोगिता आयोजित की थी, जिसमें बच्चों को ऐसा आविष्कार सुझाने के लिए कहा गया था, जो विश्व रिकॉर्ड बना सके। इस प्रतियोगिता को Accu और रॉयल कमीशन फॉर द एग्जिबिशन ऑफ 1851 का भी समर्थन मिला था।
इस प्रतियोगिता में बच्चों की ओर से 5,000 से ज्यादा आइडिया आए। इतने सारे सुझावों में से एक ऐसा विचार चुना गया, जिसने आगे चलकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बना ली। थिया और किकी नाम की बच्चियों ने दुनिया का सबसे बड़ा हेयर ड्रायर बनाने का सुझाव दिया था। इसके बाद रूथ एमोस और उनकी टीम ने इस विचार को असल रूप देने का काम किया।
इंजीनियरिंग की मदद से एक विशाल हेयर ड्रायर तैयार किया गया, जिसका आकार सामान्य हेयर ड्रायर से कहीं ज्यादा बड़ा है। इस हेयर ड्रायर की सबसे खास बात इसका विशाल आकार है। करीब 80 किलो वजन वाली इस मशीन को बनाना अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी। जहां आम हेयर ड्रायर को हाथ में पकड़कर इस्तेमाल किया जाता है, वहीं इसका आकार ही इसे बाकी हेयर ड्रायर से बिल्कुल अलग बनाता है।