भारत के खिलाफ चीन और पाकिस्तान की साजिशों का कोई अंत नहीं दिख रहा है। ऑपरेशन सिंदूर से चोट खाए दोनों देश अब SAARC की जगह एक नया संगठन खड़ा करने की जुगत में हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान और चीन एक नए क्षेत्रीय संगठन के गठन के प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं, जो संभावित रूप से अब समाप्त हो चुके दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) की जगह ले सकता है।
इस घटनाक्रम से परिचित राजनयिक सूत्रों के हवाले से एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने बताया कि इस्लामाबाद और बीजिंग के बीच बातचीत अब एक एडवांस चरण में है, क्योंकि दोनों पक्ष इस बात से आश्वस्त हैं कि क्षेत्रीय एकीकरण और संपर्क के लिए एक नया संगठन आवश्यक है।
सूत्रों का हवाला देते हुए अखबार ने कहा कि यह नया संगठन संभावित रूप से क्षेत्रीय ब्लॉक SAARC की जगह ले सकता है, जिसमें भारत, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि चीन के कुनमिंग में पाकिस्तान, चीन और बांग्लादेश के बीच हाल ही में हुई त्रिपक्षीय बैठक उन कूटनीतिक पैंतरों का हिस्सा थी, उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य अन्य दक्षिण एशियाई देशों को, जो SAARC का हिस्सा थे, एक नए समूह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना था।
हालांकि, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने ढाका, बीजिंग और इस्लामाबाद के बीच किसी भी उभरते गठबंधन के विचार को खारिज कर दिया था। उसने कहा था कि बैठक राजनीतिक नहीं थी। विदेश मामलों के सलाहकार एम तौहीद हुसैन ने कहा, हम कोई गठबंधन नहीं बना रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, भारत को नए प्रस्तावित मंच में आमंत्रित किया जाएगा, जबकि श्रीलंका, मालदीव और अफगानिस्तान जैसे देशों के समूह का हिस्सा होने की उम्मीद है। अखबार ने कहा कि नए संगठन का मुख्य उद्देश्य व्यापार और संपर्क बढ़ाकर अधिक क्षेत्रीय जुड़ाव की तलाश करना है।
इसमें कहा गया है कि अगर प्रस्ताव को मूर्त रूप दिया जाता है, तो यह SAARC की जगह लेगा, जिसे भारत-पाकिस्तान संघर्ष के कारण लंबे समय से निलंबित कर दिया गया है। 2014 में काठमांडू में आखिरी बार आयोजित होने के बाद से इसका द्विवार्षिक शिखर सम्मेलन नहीं हुआ है।
2016 का SAARC शिखर सम्मेलन इस्लामाबाद में होना था। लेकिन उस वर्ष 18 सितंबर को जम्मू और कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के शिविर पर आतंकवादी हमले के बाद, भारत ने मौजूदा परिस्थितियों के कारण शिखर सम्मेलन में भाग लेने में असमर्थता जताई। बांग्लादेश, भूटान और अफगानिस्तान द्वारा भी इस्लामाबाद बैठक में भाग लेने से इनकार करने के बाद शिखर सम्मेलन रद्द कर दिया गया था।