'नियाग्रा फॉल्स' अपनी प्रचंड जलधारा और सुंदरता के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। ये कनाडा (ओंटारियो) और अमेरिका (न्यूयॉर्क) की सीमा पर स्थित तीन विशाल झरनों (हॉर्सशू, अमेरिकन, ब्राइडल व्हेल) का एक समूह हैं। यह दुनिया का सबसे शक्तिशाली, खूबसूरत और विशाल झरना है। लेकिन आज जानेंगे भारत के किस झरने को Niagara Falls कहा जाता है?
चित्रकोट जलप्रपात भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के बस्तर जिले में इन्द्रावती नदी पर स्थित एक अद्भुत प्राकृतिक जलप्रपात है। लगभग 90 फीट ऊंचाई से गिरने वाला यह जलप्रपात अपनी विशालता और अनोखी बनावट के लिए प्रसिद्ध है।
इसकी घोड़े की नाल जैसी आकृति इसे खास बनाती है, इसी कारण इसे ‘भारत का नियाग्रा’ भी कहा जाता है। यह जलप्रपात जगदलपुर से लगभग 40 किमी और रायपुर से करीब 273 किमी दूर है। अच्छी रोड कनेक्टिविटी की वजह से यहां पहुंचना आसान है। नजदीकी शहर जगदलपुर होने से यह पर्यटकों के लिए एक लोकप्रिय पिकनिक और घूमने का स्थान बन चुका है।
चित्रकोट जलप्रपात की सबसे खास बात इसका रंग बदलना है। बरसात में पानी लालिमा लिए दिखाई देता है वहीं, गर्मियों की चांदनी रात में यह दूधिया सफेद नजर आता है।
यह जलप्रपात घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है, जो इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं। विंध्य पर्वतमाला के आसपास स्थित यह स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
रात के समय यहां विशेष लाइटिंग की जाती है, जिससे गिरता पानी का दृश्य और भी मनमोहक लगता है। अंधेरे में रोशनी के साथ बहते पानी को देखना एक अलग ही अनुभव देता है।
चित्रकोट जलप्रपात सालभर खूबसूरत दिखता है, लेकिन जुलाई से अक्टूबर (मानसून) का समय सबसे बेहतरीन माना जाता है। इस दौरान जलप्रपात की धारा तेज होती है और दृश्य बेहद रोमांचक हो जाता है।