उत्तरी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अचानक सर्दी का ग्राफ बढ़ गया है। आईएमडी ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने सर्द हवाओं के झोंके परेशान कर रहे हैं। कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे सर्दी का सितम बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों की ओर से आ रहीं हवाओं के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होगी। दिल्ली में 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से अचानक सर्दी बढ़ गई है। स्काईमेट अगले 24 से 36 घंटे के दौरान उत्तर पूर्व मानसून के असर से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, रायलसीमा, यनम, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, मिज़ोरम, नागालैंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफाननुमा हवाओं के साथ कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होगी।
उत्तर प्रदेश में रातें सर्द होनी शुरू हो गई हैं। आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण पश्चिमी यूपी के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। अगले 3 से 4 दिन में तापमान में भारी गिरावट हो सकती है, जिससे गलन वाली सर्दी का एहसास होगा। आईएमडी के मुताबिक, मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, बरेली, अमेठी, बाराबंकी, अयोध्या, इटावा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया। हालांकि, अभी बीच-बीच में बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। बहरहाल, अब सुबह ग्रामीण इलाकों में कोहरा छाया नजर आ सकता है। अब सुबह अलाव का सहारा लेना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के कई भागों में बारिश के साथ ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, अब मौसम साफ होने से जयपुर, चुरु, अजमेर, सीकर, जोधपुर समेत कई जिलों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम होने का अलर्ट है, जिससे वीकेंड तक ठंडी और कोहरे में इजाफा होगा। उधर, बिहार में फिलहाल कुछ दिन तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, मौसम साफ होने पर सर्द हवाएं ठंडी का कारण बनेंगी। हालांकि, अगले 2 से 3 दिन में तापमान में गिरावट होगी और ठंडक का एहसास बढ़ेगा। फिलहाल, पटना 150 के आसपास समेत कई बड़े शहरों में प्रदूषण का लेवल हाई रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में पहाड़ों की ओर से आ रही सर्द हवाओं से सर्दी बढ़ा दी है। अब सुबह और शाम बिना स्वेटर और जैकेट के काम नहीं चलने वाला। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से 2.6 डिग्री कम है। 36 घंटे के दौरान करीब 6°C तापमान में गिरावट होने से लोग ठिठुरते नजर आए। आईएमडी ने अगले 2 से 3 दिन में न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आईएमडी ने हवाओं के साथ खुली जगहों पर कोहरा छाने की बात कही है।
दिल्ली-एनसीआर के वातावरण में धुंध छाई है। हालांकि, तेज हलाओं के कारण एक्यूआई में सुधार होने की बात कही जा रही है। सीपीसीबी के आंकड़े के अनुसार 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 311 दर्ज किया गया। दिल्ली सबसे प्रदूषित शहरों में चौथे स्थान पर है, जबकि रोहतक एक्यूआई 348 के साथ शीर्ष पर है । बोर्ड ने एक्यूआई के लिहाज से 254 शहरों की रैकिंग की है। राजधानी के 38 निगरानी स्टेशनों में से 32 ने वायु गुणवत्ता को 'बहुत खराब' श्रेणी में बताया, क्योंकि उनकी रीडिंग 300 से ऊपर थी। 8 नवंबर तक प्रदूषण का स्तर 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फीली हवाएं बह रही हैं। खासकर हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बर्फबारी होने से न्यूनतम तापमान में माइनस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बारालाचा, रोहतांग दर्रा, कुंजुम, शिंकुला और ताबों में बर्फ गिरने से पार 0 डिग्री सेल्सियस को टच कर गया है। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी,और बागेश्वर में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी और बर्फबारी का पूर्वानुमान है, जिससे पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों का तापमान काफी गिरा है। अब राज्य के अधिकांश भागों में भीषण सर्दी के संकेत हैं। फिलहाल, कई इलाकों मे तेज हवाओं के चलने से शीतलहरी परेशान कर रही है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम कड़क होने वाला है। खासकर, घाटी और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी दर्ज की जा रही है। गुलमर्ग हिल स्टेशन पर ताज़ा बर्फबारी ने गुलमर्ग को सर्दियों के लिए एक अद्भुत जगह में बदल दिया है। गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों सहित कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। बाद शीतलहर का एहसास हो रहा है। कल श्रीनगर, मुगल रोड पर भारी बर्फबारी के बाद श्रीनगर-लेह हाईव और राजदान दर्रा को बंद कर दिया गया। मौसम में बदलाव के बाद न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे चलते भीषण सर्दी परेशान करने लगी है।
तमिलनाडु के चेन्नई शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, चेन्नई के अनुसार, 8 नवंबर तक आज भी तमिलनाडु के कृष्णागिरि, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई, धर्मपुरी, सलेम, कल्लाकुरिची, पेरम्बलुर, अरियालुर, डिंडीगुल, मदुरै, शिवगंगई और तिरुचिरापल्ली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने का अलर्ट जारी किया है। उधर, केरल में भी 10 नवंबर तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा यनम, तटीय आंध्र प्रदेश समेत कई दक्षिणी और पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं।