Patna Police: पटना के बाकरगंज निवासी युवक पर जम्मू-कश्मीर की रहने वाली एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला स्टेट प्लेयर रह चुकी है। इसका कहना है कि वैभव ने पटना लाकर 9 साल तक यौन शोषण किया है। इस दौरान कई बार गर्भपात भी कराया। दो साल पहले युवक ने दूसरी शादी कर ली। इस पर पीड़िता ने एसकेपुरी थाने में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी है।
सचिवालय एएसपी काम्या मिश्रा का कहना है कि पीड़िता मुझसे आकर मिली है। आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 315 यानी गर्भपात कराने और 498 ए यानी महिला पर जुल्म करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एएसपी ने कहा कि आरोपी युवक को थाने बुलाकर एक बार बात की जाएगी। समझाने पर वह अगर पीड़िता को साथ रखने के लिए तैयार होता है तो ठीक है नहीं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2010 में इंदौर में पढ़ाई के दौरान मिले थे दोनों
पीड़िता द्वारा थाने में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक 2010 में इंदौरान में वह पढ़ने गई थी। वहां उसकी मुलाकात वैभव से हुई थी। तीन साल तक दोनों दोस्त रहे थे। फिर मास्टर इन फिजिकल एजुकेशन का कोर्स करने अमरावती चली गई। वहां भी वैभव आया। उसने कहा कि वह मुझसे प्यार करता है और शादी का प्रस्ताव रखा। 2013 में नागपुर के मंदिर में दोनों ने शादी कर ली। तब वैभव ने कहा था कि कश्मीर चलो तो उसने इनकार कर दिया और कहा कि तुम्ही पटना चलो मेरे साथ। इसके बाद वह वैभव के साथ 2016 में पटना आ गई। इस दौरान उसने महिला का कई बार गर्भपात कराया।
मुझे कश्मीर भेजकर कर ली दूसरी शादी
पीड़िता के मुताबिक वैभव ने फरवरी 2020 में उसे कश्मीर भेज दिया और खुद पटना में दूसरी शादी रचा ली। वह बार-बार कहता रहा कि पिता से अलग होने के लिए दुकान की चाबी मांग रहा है। चाबी मिलने के बाद वह उसे साथ रखेगा, लेकिन उसने ऐसा कुछ नहीं किया। पिछले साल अगस्त में महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया, तब वैभव ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता ने एक निजी कंपनी में नौकरी करनी शुरू कर दी। अब वैभव उस बच्ची को अपनाने से इनकार कर रहा है।

