Mumbai Crime News: मोबाइल चोरी के शक में युवक को इतना मारा कि निकल गया दम, चार गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 9, 2022, 07:16 PM IST

Mumbai Police: मॉब लिंचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुंबई में एक युवक को चोरी के शक में इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Mumbai Crime News: मोबाइल चोरी के शक में युवक को इतना मारा कि निकल गया दम, चार गिरफ्तार

Mumbai News: मुंबई में मॉब लिंचिंग की बड़ी घटना सामने आई है। बता दें कि मोबाइल चोरी के शक में युवक को इतना मारा गया कि उसकी मौत हो गई। यह घटना मुंबई के भांडुप इलाके की है। जिस युवक की पीट-पीटकर हत्या हुई है उसकी उम्र 28 वर्ष थी। मृतक की पहचान मोहम्मद रफीक के तौर पर हुई है। जानकारी के लिए बता दें, इससे पहले रायगढ़ के रावले में एक 35 वर्ष के युवक की 60 लोगों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वह शख्स मुंबा का रहने वाला था।

मुंबई में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाएं चिंता का विषय हैं। कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है यह बात सभी लोगों को समझनी होगी। सजा के लिए कानून व्यवस्था बनाई गई है। आमजन को उसपर भरोसा होना आवश्यक है। मॉब लिंचिंग की घटनाएं समाज में समन्वय की भावना को खंडित करने का कार्य कर रही है।

मोबाइल चोरी का था शक

जानकारी के लिए बता दें, इस मामले के सामने आने के बाद मुलुंड पुलिस तुरंत हरकत में आई और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि मृतक बुधवार तड़के चोरी करने के इरादे से एक घर में घुसा था। इसी दौरान उसे चोरी करते हुए आरोपियों ने पकड़ लिया। फिर क्या था इन लोगों ने लकड़ी के डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। मृतक जान बख्शने की गुहार लगाता रहा लेकिन मानवता की मर्यादाएं टूट गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सायन अस्पताल में इलाज के लिए गंभीर हालत में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई है।

आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले हैं दर्ज

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया है कि, उसने इस मामले में शामिल चारों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में संतोष साहनी, सुनील शाह, कपिल कुमार शर्मा और फूलो साहनी शामिल हैं। पुलिस की जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों के खिलाफ मुलुंड पुलिस में कई मामले दर्ज हैं। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!