मुझे राहुल गांधी, सोनिया गांधी से कोई समस्या नहीं है : उर्मिला मातोंडकर 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2020, 05:58 PM IST

उर्मिला मंगलवार को शिवसेना अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुईं। अभिनेत्री ने पिछला लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सीट से लड़ा लेकिन वह हार गईं।

मुझे राहुल गांधी, सोनिया गांधी से कोई समस्या नहीं है : उर्मिला मातोंडकर 
Photo Credit: Instagram

मुंबई : शिवसेना में शामिल होने के बाद फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कहा है कि उन्हें राहुल गांधी, सोनिया गांधी या कांग्रेस नेतृत्व से कोई परेशानी नहीं है। उर्मिला ने कहा, 'लोकसभा चुनाव के दौरान मैंने यही कहा था कि मुझे जितना कांग्रेस से समर्थन एवं सहयोग मिलना चाहिए था उतना नहीं मिला। यहां मुझे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुलाया और एमएलसी टिकट का प्रस्ताव दिया।'

मंगलवार को शिवसेना में शामिल हुईं
बता दें कि उर्मिला मंगलवार को शिवसेना अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुईं। अभिनेत्री ने पिछला लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सीट से लड़ा लेकिन वह हार गईं। इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा, 'उर्मिला मातोंडकर कल शिवसेना में शामिल हो सकती हैं। वह एक शिवसैनिक हैं। हमें खुशी है कि वह हमारी पार्टी में शामिल हो रही हैं। उनके शामिल होने से पार्टी के महिला अघाडी को मजबूती मिलेगी।'

हारने के बाद कांग्रेस पार्टी से दिया इस्तीफा 
अभिनेत्री ने पिछले साल कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। महाराष्ट्र में इस समय कांग्रेस, शिवसेना और राकांपा गठबंधन की सरकार है। उन्होंने कांग्रेस की मुंबई इकाई में आपसी खींचतान एवं गुटबाजी का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ी थी। बताया जाता है कि बॉलीवुड ड्रग मामले में कंगना रनौता के खिलाफ मोर्चा लेने पर शिवसेना के नेता मातोंडकर से काफी प्रभावित हुए हैं। 

शिवसेना के नेताओं का मानना है कि मातोंडकर के शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी क्योंकि अभिनेत्री की अपनी एक अलग पहचान और उनका एक बड़ा प्रशंसक वर्ग है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!