मुंबई फिर शर्मसार: 'गंदे अंकल' ने नाबालिग लड़की के साथ की दरिंदगी, मां की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 6, 2022, 03:51 PM IST

Mumbai Rape Case: मुंबई से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 50 वर्षीय शख्स ने 16 साल की नाबालिग को हवस का शिकार बना डाला। जिसके बाद पीड़िता गर्भवती भी हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई फिर शर्मसार: 'गंदे अंकल' ने नाबालिग लड़की के साथ की दरिंदगी, मां की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
Photo Credit: Twitter

Mumbai Rape Case: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने पहले 16 साल की पीड़िता पर किसी चीज की चोरी का इल्जाम लगाया, फिर उसे अपनी हवस का शिकार बना डाला। बदमानी और डर की वजह से पीड़िता ने अपने घरवालों से दरिंदगी की यह बात छुपाए रखी। लेकिन जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो पता चला कि वह गर्भवती है, जिसके बाद उसने पूरी कहानी परिवार के सामने बयां की। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 24 मई को आरोपी शख्स हाल ही में पीड़िता के पड़ोस में रहने के लिए आया था। नए घर में गृह प्रवेश के दौरान आरोपी ने पीड़िता से पड़ोसी होने के नाते मदद भी मांगी। पीड़िता ने उसका घर सेट करने में मदद भी की। हालांकि, बाद में आरोपी शख्स ने अपने घर की कुछ चीजों के चोरी होने का इल्जाम पीड़िता पर लगाया। जिसके बाद ब्लैकमेल करते हुए आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने रेप के बाद पीड़िता को धमकी भी दी। पीड़िता रेप के बाद काफी डर गई और उसने इस मामले में किसी से भी कुछ नहीं कहा। चुपचाप पीड़िता इस दर्द को सहती रही। 

तबीयत बिगड़ने से खुली बात 

हालांकि, कुछ दिनों के बाद पीड़िता की तबीयत काफी खराब हो गई। परेशान होकर परिजनों ने आनन-फानन में एक डॉक्टर को घर पर चेकअप के लिए बुलाया। डॉक्टर ने चेकअप के बाद घरवालों से जो कहा, वो सुनकर उनके होश ही उड़ गए। डॉक्टर ने पीड़ित परिजनों को बताया कि उनकी नाबालिग बेटी गर्भवती है। इस बात को सुनने के बाद परिवार के लोगों ने पीड़िता से पूछा तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया। पीड़िता ने बताया कि पड़ोसी अंकल ने उसके साथ रेप किया है। पीड़िता की बात सुनते ही उसकी मां ने पुलिस से मदद मांगी और शिकायत देकर केस दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!