प्यार पाने में नाकाम एकतरफा आशिक ने दिनदहाड़े काट दिया था लड़की का गला, अब हुआ अरेस्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 23, 2022, 09:56 PM IST

One-Sided Love: महाराष्ट्र के औरंगाबाद में दिनदहाड़े लड़की का गला काटने वाले एकतरफा आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एकतरफा आशिक था जो लड़की से प्रेम संबंध बनाने की जिद कर रहा था। नहीं मानने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

प्यार पाने में नाकाम एकतरफा आशिक ने दिनदहाड़े काट दिया था लड़की का गला, अब हुआ अरेस्ट
Photo Credit: Representative Image

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में दिनदहाड़े 19 साल की बीबीए छात्रा की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी एकतरफा आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी तो औरंगाबाद-मुंबई हाईवे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और पीछा करने का चार्ज लगाते हुए केस दर्ज किया है। आरोपी ने शनिवार को दिनदहाडे़ लड़की की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी अपना प्रपोजल रिजेक्ट करने से काफी नाराज था जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया। 

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को 19 साल की लड़की बीबीए सेकेंड ईयर की स्टूडेंट थी। पिछले काफी दिनों से शरण सिंह सेठी नाम का युवक उसके पीछे पड़ा हुआ था। हालांकि, लड़की उससे किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं रखना चाहती थी। इसके बावजूद भी आरोपी बाज नहीं आ रहा था। इस बीच शनिवार को आरोपी ने हत्या जैसी खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 

दिनदहाड़े काटा गला 

वारदात के समय लड़की अपने कॉलेज जा रही थी। तभी पीछे से शरण सिंह सेठी आया और उससे जबरदस्ती करने लगा। लड़की और उसके साथ मौजूद एक दोस्त ने इस बात का विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा भड़क गया। आरोपी ने पहले युवती को खींचकर 200 मीटर खुले मैदान में ले गया। फिर कृपाण से गले पर 14 और पेट पर 3 बार लगातार वार किया।  

वारदात को अंजाम देते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसके बाद मामले की छानबीन करते हुए एक्शन लेना शुरू किया गया। आखिरकार सोमवार को आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस की कई टीम आरोपी को तलाश रही थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!