Fire Accident: यूपी के मुरादाबाद में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोग जिंदा जले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 26, 2022, 06:48 PM IST

Moradabad Fire: मुरादाबाद जिले के थाना गलशहीद के असालतपुरा में लंगड़े की पुलिया के पास देर शाम पांच मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग में दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए। सात लोगों को बचाया गया है।

Fire Accident: यूपी के मुरादाबाद में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, दो बच्चों समेत परिवार के पांच लोग जिंदा जले
Photo Credit: ANI

Moradabad Fire Accident: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में गुरुवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में स्क्रैप कारोबारी के परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गलशहीद थाना इलाके मे स्थित असालतपुरा में गुरुवार की शाम कबाड़ी के पांच मंजिला मकान में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। भीषण अग्निकांड में कबाड़ी की पत्नी, बहू, पोता और पोती समेत पांच लोग जिंदा जल गए। जबकि फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मकान में फंसे सात अन्य लोगों की रेस्क्यू कर जिंदगी बचाई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

असालतपुरा इलाके में लंगड़े की पुलिया के पास कारोबारी मोहम्मद इरशाद का पांच मंजिला मकान है। ग्राउंड फ्लोर पर उन्होंने कबाड़ का गोदाम बना रखा है। इरशाद की बेटी बबली की दो बेटियों की शादी आज यानी शुक्रवार को होनी थी। 

घर में चल रहीं थीं शादी की रस्में

घर पर गुरुवार की शाम को शादी की रस्में चल रहीं थीं। शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी जुटे थे। इसी बीच कबाड़ के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में पूरे मकान में धुआं ही धुआं हो गया। दम घुटने से बच्चे और बड़े बेहोश होने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। मकान में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। कुछ सदस्य आग की चपेट में आने से झुलस गए। दर्दनाक हादसे में इरशाद की पत्नी कमर जहां (70), पुत्रवधू शमां पत्नी अयाज, पोती नफिया पुत्री अयाज, पोता इबाद पुत्र अयाज और नातिन उमैमा पुत्री नवेद की मौत हो गई। 

स्क्रैप गोदाम में रखे टायरों से भड़क उठी आग 

शादी के घर में पांच लोगों की मौत से मातम का माहौल हो गया। हर तरफ चीख पुकार मची थी। बताया जा रहा है कि, शमां परवीन रानीखेत में आंगनबाड़ी वर्कर थीं। वो अपनी बेटी-बेटे और पति के साथ वहीं रहती थीं। जांच में सामने आया कि, मकान के भूतल पर बने स्क्रैप के गोदाम में टायर रखे थे। जिससे आग भड़क उठी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। कबाड़ के गोदाम में टायर थे। इस वजह से आग की लपटें बढ़ गई। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि, दमकल टीम और पुलिस कर्मियों के प्रयास से आठ लोगों को बचाने में कामयाबी मिली है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!