Lucknow: लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन पर भीषण आग लगने से मचा हड़कंप, ATM जलकर राख

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2020, 02:32 PM IST

लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन पर भीषण आग लग जाने से चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। इस आग में परिसर में लगा एक एटीएम जलकर राख हो गया।

Lucknow: लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन पर भीषण आग लगने से मचा हड़कंप, ATM जलकर राख

नई दिल्ली : लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई। रेलवे स्टेशन परिसर में लगी इस भीषण आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे से स्टेशन में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। जानकारी के मुताबिक आग मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे के करीब लगी। शॉर्ट सर्किट हो जाने के कारण वहां परिसर में लगे दो एटीएम धू-धू कर जलने लगे।

अचानक से उठे धुएं से स्टेशन और परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी कर्मी पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश करने लगे। इस बीच फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया जिसके बाद दमकल की गाड़ी ने आकर आग को अपने काबू में किया। उन्होंने एक एटीएम को जलने से बचा लिया जबकि दूसरा एटीएम जल कर राख हो गया।

बताया जाता है कि चारबाग रेलवे स्टेशन परिसर में पंजाब नेशनल बैंक और एक इंडियन बैंक के एटीएम लगे थे। पीएनबी बैंक एटीएम में बैठे गार्ड ने देखा कि इंडियन बैंक के एटीम के अंदर से शॉर्ट सर्किट होकर आग लग रही है। उसने फौरन भागकर इसकी सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी जिसके बाद उन्होंने ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया।

तब तक इंडियन बैंक का एटीएम जल कर खाक हो चुका था। आग धीरे-धीरे पास के पीएनबी बैंक के एटीएम के पास लग रही थी लेकिन मौके पर दमकलकर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और पीएनबी बैंक के एटीएम को जलने से बचा लिया। हालांकि ये एटीएम भी काफी हद तक जल चुका था फिर भी उम्मीद की जा रही है कि इसमें रखे पैसे बचा लिए गए हों। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!