Kalyan Singh: नाजुक हालत में कल्याण सिंह, जीवन रक्षक प्रणाली पर रखे गए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 21, 2021, 12:35 PM IST

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कल्याण सिंह (Kalyan Singh) की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। पीजीआई लखनऊ में डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।

Kalyan Singh: नाजुक हालत में कल्याण सिंह, जीवन रक्षक प्रणाली पर रखे गए
Photo Credit: ANI

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। मंगलवार शाम से उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। डॉक्टर उनकी हलात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य से जुड़े प्रत्येक पहलू पर नजर रख रही है। संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (89) पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल सिंह को चार जुलाई को संक्रमण के चलते एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। इससे पहले उनका इलाज राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में हुआ। 

शनिवार शाम को कल्याण सिंह को सांस लेने में परेशानी हुई 
रिपोर्टों के मुताबिक बल्ड टेस्ट में पूर्व सीएम के यूरिया और क्रेटीनाइट का स्तर बढ़ा हुआ मिला। इससे पहले मंगलवार को सजीपीजीआई ने सिंह की स्वास्थ्य बुलेटिन जारी की। बुलेटिन में बताया गया कि उनके स्वास्थ्य की हालत अस्थिर है। शनिवार शाम को कल्याण सिंह को सांस लेने में परेशानी हुई जिसके बाद उनकी ऑक्सीजन थेरेपी शुरू कर दी गई। सांस लेने में तकलीफ और बढ़ने पर रविवार शाम उन्हें 'नॉन इनवेसिव वेंटीलेशन' पर रखा गया है।

आनंदीबेन पटेल पूर्वी सीएम को देखने अस्पताल पहुंचीं
कल्याण सिंह की तबीयत बिगड़ने की खबर पाकर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उन्हें देखने पहुंचीं।  एसजीपीजीआई के बयान के मुताबिक पीसीएम, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडॉक्रिनलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर. के. धीमान कल्याण सिंह के इलाज पर निगरानी रख रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने की मुलाकात
अस्पताल में भर्ती होने के बाद भाजपा और संघ के वरिष्ठ नेता उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व सीएम की हालत के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं। कुछ दिनों पहले कल्याण सिंह के निधन होने की अफवाह उड़ी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विट कर उनके स्वास्थ्य के बारे में बताया। पीएम ने कहा कि वह जब भी कल्याण सिंह से मिले उन्हें हर बार उनसे कुछ न कुछ सीखने को मिला।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!