Lucknow Bus Service: लखनऊ में यात्रियों के लिए बड़ी राहत, अब मोबाइल से भर सकेंगे सिटी बस का किराया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 22, 2022, 05:48 PM IST

Lucknow News: लखनऊ में सिटी बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर राहतभरी है। अब सिटी बसों में क्यूआर कोड सिस्टम लागू होने जा रहा है। अब यात्री मोबाइल से किराया दे सकेंगे।

Lucknow Bus Service: लखनऊ में यात्रियों के लिए बड़ी राहत, अब मोबाइल से भर सकेंगे सिटी बस का किराया
Photo Credit: ANI

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सिटी बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी की इलेक्ट्रिक सिटी बस में सफर के दौरान यात्री मोबाइल से किराया भर सकेंगे। प्रबंध निदेशक पीके बोस ने बताया कि, अगले हफ्ते इलेक्ट्रिक सिटी बस में क्यूआर कोड सिस्टम लागू करने जा रहे हैं। यात्री इस अलग-अलग क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करेंगे तो दो तरह की सुविधाएं हासिल होंगी। एक क्यूआर कोड से पता चलेगा कि, किस रूट पर किस नंबर की सिटी बस किस समय कहां से मिलेगी। 

प्रबंध निदेशक ने बताया कि, दूसरे क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे तो बस का किराया मोबाइल से चुका सकेंगे। प्रबंध निदेशक ने बताया कि, इन दोनों सुविधाओं को लागू करने का कार्य पूरा होने वाला है।

बेड़े में शामिल पांच और सिटी बसें

इलेक्ट्रिक एसी सिटी बस के बेड़े में पांच और नई बसें शामिल हो गई हैं। अब बेड़े की तादाद 65 हो गई हैं। ये बसें नए रूट पर चलेंगी। इन बसों का शहर से ग्रामीण अंचल तक का कनेक्शन होगा। सोमवार तक इन बसों के रूट और किराया तय हो जाएगा। वहीं, शहर में पहली बार मासिक पासधारक स्मार्ट कार्ड में एमएसटी बनवाकर सफर कर सकेंगे। मंडलायुक्त रंजन कुमार ने शनिवार को अवध बस स्टेशन पर शाम चार बजे दैनिक यात्रियों के लिए स्मार्ट एमएसटी कार्ड का शुभारंभ किया। 

सिटी बसों में स्मार्ट कार्ड एमएसटी से सफर शुरू

कंप्यूटरीकृत स्मार्ट कार्ड के लोकार्पण के अवसर पर दिव्यांग श्रेणी के दैनिक यात्री धर्मेंद्र कुमार अवस्थी सहित तीन यात्रियों को स्मार्ट मासिक पास दिया गया। अवध बस स्टेशन पर मंडलायुक्त रंजन कुमार ने बताया कि, तीन तरह के स्मार्ट कार्ड का लोकार्पण किया गया है। इसके चारबाग-अवध बस स्टेशन पर काउंटर बनाए गए हैं। मंडलायुक्त ने विभिन्न मार्गों का सर्वे कर ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने वाले चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!